|
भोपाल. परिसीमन से विधानसभा सीटों का भूगोल बदलने की वजह से अस्तित्व में र्आई 31 विधानसभा सीटों के मतदाताओं ने जमकर मतदान किया है। इन नई नवेली सीटों पर औसत मतदान 68.29 फीसदी रहा, जबकि सर्वाधिक 81.12 प्रतिशत वोट मंदसौर जिले में नई बनी मल्हारगढ़ (सुरक्षित) में और सबसे कम 52.22 प्रतिशत ग्वालियर पूर्व सीट पर हुआ।
इस बार चुनाव में 25 जिलों की वह 31 सीटें खास आकर्षण का केंद्र थीं, जिन्हें परिसीमन आयोग ने नई शक्ल और नया नाम दिया था। इनमें से एक सीट पर 80 फीसदी से ज्यादा मतदाताओं ने वोट डाले, वहीं 14 सीट ऐसी हैं, जिनमें 70 फीसदी या इससे अधिक मतदान हुआ और 14 सीटें ऐसी हैं, जिनमें 60 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े। दो सीटों पर 50 फीसदी मतदान दर्ज हुआ। आदिवासियों के लिए सुरक्षित दो नई सीटों छिंदवाड़ा जिले की जुन्नारदेव में 70.50 और धार जिले की गंधवानी में 63.48 प्रतिशत मतदान हुआ।
चर्चा में भी रही नई सीटें
मतदान के अलावा नई सीटें कई अन्य वजहों से भी चर्चा में रहीं। मसलन, रायसेन जिले की सिलवानी सीट कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी पूर्व मंत्री जसवंत सिंह का पर्चा खारिज होने की वजह से चर्चा में आई, तो इंदौर की राऊ सीट लोक निर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की उम्मीदवारी से चर्चा में आई।
ग्वालियर दक्षिण पूर्व कांग्रेस नेता बालेंदु शुक्ल के बसपा उम्मीदवार बनने के चलते तो राजनगर सपा के दो वर्तमान विधायक विजय बहादुर बुंदेला और विक्रम सिंह नातीराजा की क्रमश: भाजपा और कांग्रेस से आमने सामने उम्मीदवार के कारण चर्चा में रही। भोपाल की नरेला सीट मेयर सुनील सूद और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष विश्वास सारंग की उम्मीदवारी से चर्चित हुई।