|
भोपाल. क्यों, भईया क्या स्थिति रहेगी? अपनी सरकार तो बन रही है न? मतदान और मतगणना के अंतराल के बीच आजकल प्रदेश के नेताओं और आम लोगों के लिए ऐसे सवाल सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बने हुए हैं। क्रिकेट मैच के स्कोर की तरह पूछा जा रहा है किसे कितनी सीटें मिलेंगी?
इसको लेकर आम लोगों का अपना आकलन है तो नेताओं के अपने दावे। खास बात यह है कि इस बार भाजपा और कांग्रेस दोनों के नेता सरकार बनाने का दावा तो कर रहे हैं लेकिन सीटों की संख्या के फेरे में नहीं पड़ना चाहते हैं। इसकी एक वजह मतदान का रिकार्डतोड़ प्रतिशत भी है।
वहीं सपा, बसपा और भाजश को यह भरोसा है कि उनके बिना इस बार किसी की सरकार नहीं बनेगी। कांग्रेस और भाजपा के नेता प्रत्येक विधानसभा सीट की समीक्षा कर उसके आधार पर जिला व संभाग से मिलने वाली सीटों के बारे आकलन करने में जुटे हैं। जोड़-घटाव में सीटों के सूत्र इस तरह बैठाए जा रहे हैं कि 230 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए जादुई आंकड़ा 116 किसी तरह निकाल ही लेते हैं, बावजूद इसके दोनों दलों के नेता अपने भरोसे की संख्या बताने से बच रहे हैं।
कुछ नहीं कह सकते : कांग्रेस
नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी का कहना है कि इतना भारी मतदान हुआ है कि संख्या के बारे में कुछ कह नहीं सकते, लेकिन हमें पूरा भरोसा है कि सरकार कांग्रेस की ही बनेगी। सांसद सत्यव्रत चतुर्वेदी ने कहा कि उन्होंने अभी संख्या का आकलन नहीं किया है। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता मानक अग्रवाल के अनुसार उन्हें पार्टी की 130 सीटों पर जीत की उम्मीद है।
हम ज्योतिषी नहीं : भाजपा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा। हम दोबारा सरकार बनाएंगे। सीटों की संख्या बताना संभव नहीं है। भाजपा ने पूरी ताकत से चुनाव लड़ा है इसलिए पूर्ण विश्वास है कि दूसरी बार भी भाजपा ही नंबर वन पार्टी बनकर उभरेगी। उपाध्यक्ष अनिल दवे का कहना है हम ज्योतिष नहीं जानते है कि यह बता सके कि भाजपा को कितनी सीटें मिल रही हैं। यह तय है कि स्पष्ट बहुमत भाजपा को ही मिल रहा है।
सपा, बसपा और भाजश के दावे
बसपा प्रदेश अध्यक्ष एनपी अहिरवार ने दावा किया है कि उनकी पार्टी 70 से 80 के बीच सीटें जीत रही है। सपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी साहबलाल गौर ने कहा हमारी पार्टी 20 से 25 सीटें जीत रही है। भाजश के प्रदेश अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी के अनुसार इस बार पार्टी निर्णायक भूमिका अदा करेगी और भाजश के बगैर कोई सरकार नहीं बनेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजश को कम से कम 30 सीटें मिलेंगी।