|
इंदौर. सहकारिता विभाग ने हाउसिंग सोसायटियों पर शिकंजा कसते हुई तीन सोसायटियों के अध्यक्षों को तीन-तीन साल के लिए पद से हटा दिया। इन तीन साल से पहले वे अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ सकेंगे तब तक सोसायटी को नए अध्यक्ष का चुनाव करना पड़ेगा।
इन सोसायटियों के नाम हैं- श्रीकृष्ण भवन हाउसिंग सोसायटी, केसरी हाउसिंग सोसायटी और सहारा हाउसिंग सोसायटी। इनमें श्रीकृष्ण हाउसिंग सोसायटी ने छोटा बांगड़दा में, केसरी ने स्कीम नंबर 71 के पास और सराहा सोसायटी ने पीपलियाहाना में कॉलोनियां काटी हैं।
सहायक आयुक्त सहकारिता ओ.पी. गुप्ता ने इस संदर्भ में हाल ही में आदेश जारी कर कहा कि इन संस्थाओं केअध्यक्षों को हटा दिया गया है। अध्यक्ष तत्काल उपाध्यक्षों को कार्यभार सौंपें। श्री गुप्ता के मुताबिक सहारा सोसायटी के वर्ष 07-08 के ऑडिट, केसरी व श्रीकृष्ण सोसायटियों के 06-07 के ऑडिट में कई खामियां पाई गई थीं। ऑडिट के बाद संस्थाओं को बताया गया था कि किन बिंदुओं पर कमी पाई गई। उन्हें दूर कर प्रतिवेदन भेजने के लिए कहा गया था किंतु संस्थाओं ने प्रतिवेदन नहीं भेजे। रिमाइंडर भी भेजे गए फिर भी ध्यान नहीं दिया। इस कारण यह कार्रवाई की गई।
दो माह का समय दिया
सहायक आयुक्त ने बताया खामियां दूर करने के लिए दो माह का समय दिया गया है उसके बाद संचालक मंडल द्वारा अध्यक्षों का चुनाव करा सकती हैं। नियत अवधि तक खामियां दूर नहीं करने पर पूरे संचालक मंडल को ही भंग कर दिया जाएगा। श्री गुप्ता के मुताबिक जल्द ही कुछ और संस्थाओं पर भी ऐसी ही कार्रवाई की जा रही है।