|
जयपुर. प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने राज्य की भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि वह हवाई जहाज, हैलीकॉप्टर और बेहतरीन गाड़ियों की खरीद जैसे गैर जरूरी खर्चो में मशगूल रही है। उन्होंने जानना चाहा कि अगर भाजपा की सरकार पर बार-बार भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं तो उनकी क्या वजह है?
प्रधानमंत्री सोमवार को जयपुर के सुबोध कॉलेज शिक्षा मैदान पर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में बुद्धिजीवी वर्ग को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने आतंकवाद से मुकाबले की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि आतंकवाद हमारे देश के सामने एक गंभीर समस्या है जिसका मुकाबला करने के लिए हमें एक रहने की जरूरत है।
हम चाहते हैं कि सभी राजनीतिक दल एक होकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमारी मदद करें। अब वक्त यह साबित करने का है कि हम चाहे किसी भी प्रदेश से हों, किसी भी धर्म के हों या कोई भी भाषा बोलते हों, लेकिन हम सबसे पहले हिंदुस्तानी हैं। उन्होंने मुंबई में आतंकियों से मुकाबले में शहीद हुए अफसरों और जवानों को श्रद्धांजलि भी दी।
हनुमानगढ़ में गिनाई केन्द्र की उपलब्धियां
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित सिविल लाइंस में कांग्रेस की चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस आतंकवाद के मुद्दे पर किसी प्रकार की राजनीति नहीं होने देगी। अपने 35 मिनट के भाषण में उन्होंने केंद्र की यूपीए सरकार की उपलब्धियों का बखान किया तथा वसुंधराराजे सरकार पर केंद्र की योजनाओं को गंभीरतापूर्वक लागू नहीं करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का दायित्व योजनाओं के लिए धन उपलब्ध करवाना है और उसकी क्रियान्विति का जिम्मा राज्य सरकार का है जिसमें भाजपा सरकार विफल रही है।
‘वोट की ताकत का इस्तेमाल करने का समय’
लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत वोट है जिसके इस्तेमाल करने का समय आ गया है। उन्होंने वसुंधराराजे सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए प्रत्येक मोर्चे पर विफल करार दिया। उन्होंने कहा कि लोगों के हालात व जिंदगी में बदलाव के लिए प्रदेश में सरकार बदलना जरूरी है।
अल्पसंख्यकों की पैरवी : मनमोहनसिंह ने देश के अल्पसंख्यक वर्ग की पैरवी करते हुए कहा कि कांग्रेस धर्म निरपेक्षता में विश्वास रखती है। सही मायने में देश की तरक्की तभी हो सकती है जब देश में अल्पसंख्यक खुद को सुरक्षित महसूस करें और विकास में उनकी भी भागीदारी हो।
कानून व्यवस्था से पीएम नाराज
प्रदेश में कानून व्यवस्था से नाराज प्रधानमंत्री ने कहा कि पांच वर्षो में प्रदेश की हालत इस कदर अराजकता में बदल गई कि सिंचाई के लिए पानी की मांग करने वाले किसानों पर राज्य सरकार ने गोलियां व लाठियां बरसाने के आदेश दिए। इससे काफी संख्या में किसान मारे गए। महिला उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी तथा दलितों का जीना दूभर हो गया।
जिसे भी चुनें, समझदारी से चुनें : प्रधानमंत्री ने कहा कि आप जिसे भी चुनें, समझदारी से चुनें। आपको समझना है कि कौन सी पार्टी आपका और आपके परिवार का भविष्य बेहतर करेगी। कांग्रेस ही आपकी कसौटी पर खरी उतर सकती है।
गंभीर वित्तीय संकटों से निबटने की योग्यता
प्रधानमंत्री ने वैश्विक आर्थिक महामंदी का जिक्र करते हुए कहा कि आज सारी दुनिया में वित्तीय संकट है। इसका असर सभी देशों पर पड़ेगा। केन्द्र सरकार की कोशिशों की वजह से हमारे विकास की दर उतनी कम नहीं होगी जितनी अन्य देशों की। हमें उम्मीद है कि वर्ष 2008-09 में कठिन हालात के बावजूद विकास दर 7.5 फीसदी तक रहेगी।
बिजली के बिना तरक्की नहीं : बिजली के बिना हमारी तरक्की संभव नहीं है। इसीलिए यूपीए सरकार ने विभिन्न परमाणु करार किए हैं। इनसे बिजली का उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। भाजपा इसमें भी विरोध कर रही है।