Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

एसई के घर मिले 59 लाख नकद

जयपुर. जलदाय विभाग के जयपुर ग्रामीण वृत्त के अधीक्षण अभियंता (एसई) एस. के. डी. अग्रवाल को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को 23 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। एसई ने एक ट्यूबवेल कंपनी के मालिक से हैंडपंप खोदने का ठेका देने के कार्य आदेश पर हस्ताक्षर करने के लिए अंबाबाड़ी स्थित निवास पर घूस ली थी।

बाद में आवास की तलाशी में 59 लाख रुपए नकद, एक किलो सोने के जेवर, छह किलो चांदी के जेवर तथा 25 प्लॉटों के कागजात मिले हैं। अग्रवाल के पास जयपुर रीजन के अतिरिक्त मुख्य अभियंता का कार्यभार भी था। जयपुर रीजन में जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, सीकर, झुंझुनूं, दौसा, अलवर, बहरोड़ इलाका आता है।

अग्रवाल के घर की देर रात तक तलाशी ली जा रही थी। एसीबी के महानिदेशक ओमेन्द्र भारद्वाज ने बताया कि श्याम टयूबवेल कंपनी के मालिक पदमचंद जैन ने एसई के खिलाफ शिकायत की थी, जो जांच में सही निकली। अंबाबाड़ी इलाके में अग्रवाल के ई-115 आवास पर सोमवार को जैन ने 23 हजार रु. दिए और उसके बादकार्य आदेश पर हस्ताक्षर कर जैन को दे दिया। इशारा मिलते ही एसीबी की टीम ने दबिश देकर अग्रवाल की पैंट की जेब से रिश्वत के रुपए बरामद कर कार्य आदेश भी जब्त कर लिया।

हर जगह नोट ही नोट : अग्रवाल के घर की तलाशी में एसीबी टीम को बेडरूम में बेड की दराजों व अलमारी के प्रत्येक खंड में, रसोई के डिब्बों, डायनिंग टेबल की दराज में नोटों के बंडल मिले।

कहां से आई इतनी नकदी? : एसई से की गई आरंभिक पूछताछ में सामने आया है कि अग्रवाल ने भाजपा सरकार के दो आला मंत्रियों तथा विभिन्न जगहों से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों (भाजपा, कांग्रेस के शामिल) को चुनाव खर्च देने के लिए यह रकम मंगवाई थी, जिसे सोमवार को ही पहुंचाया जाना था।

अग्रवाल के घर में शहर के पॉश इलाकों नारायण विहार, नारायण सरोवर, हनुमान वाटिका, वैशाली नगर के अलावा बाहरी इलाकों में 25 प्लॉटों के कागजात मिले हैं। प्लॉटों की कीमत करोड़ों में है, हालांकि प्लॉट परिचितों तथा रिश्तेदारों के नाम से हैं। अग्रवाल की पत्नी सुधा विद्याधर नगर इलाके में एक स्कूल चलाती हैं। स्कूल के दस्तावेज की भी एसीबी टीम ने जांच की है, जिसमें सुधा अग्रवाल के नाम से तीन लॉकर राजस्थान बैंक, इंडसइंड बैंक तथा इलाहाबाद बैंक में होने का पता चला। मंगलवार को ये लॉकर खोले जाएंगे।

दामाद के घर की भी तलाशी : अग्रवाल की बेटी की शादी पीडब्लूडी के एक्सईएन डी.के. गुप्ता से हुई है। अग्रवाल के घर छापे के बाद एसीबी ने विद्याधर नगर १/५२५ में गुप्ता के घर की भी तलाशी ली, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। एसीबी की टीम जब अग्रवाल के दामाद डी.के. गुप्ता के घर पहुंची तो घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा मिला।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: