|
जयपुर. गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को विद्याधर नगर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नरपतसिंह राजवी की चुनावी सभा में कांग्रेस को देश में आतंकवाद व महंगाई के लिए जिम्मेदार बताया। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री को हटाने को ‘केवल सड़े हुए शरीर का देहदान’ बताया और कहा कि अब मैंने ठान ली है कि या तो मैं रहूंगा या फिर आतंकवाद।
मोदी ने कांग्रेस को 125 साल पुरानी बुढ़िया बताया तथा भाजपा को नौजवान पार्टी बताते हुए देश का भला करने वाली बताया। उन्होंने कटाक्ष किया कि कांग्रेस के पास नेता नहीं, नीति नहीं और नेक-नीयत का तो सवाल ही नहीं उठता। भाजपा सरकार के पांच साल कांग्रेस के पाप धोने में ही गए हैं, वास्तविक विकास का मौका तो अब मिलेगा, इसलिए कांग्रेस को राजस्थान में फिर से मौका ही नहीं देना चाहिए।
शेखावत उतरे प्रचार में : इस चुनावी सभा में पूर्व उपराष्ट्रपति ने भी अपने दामाद व विद्याधरनगर से भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे बाहरी नहीं है। मेरे साथ ही सिविल लाइंस में रहते है। यदि वे आपका काम नहीं करेंगे तो मैं आपके साथ लगूंगा। लेकिन आपकों कमल के फूल को ही वोट देना है तथा इन्हें जिताना है।