Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

तीन कांग्रेसी निष्कासित

कोरबा. जिले में कांग्रेस की यह पहली कार्रवाई है। निष्कासित नेताओं में वरिष्ठ कांग्रेसी मूरितराम साहू, रामसिंह अग्रवाल व युवक कांग्रेस के उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल शामिल हैं। इस कार्रवाई की शहर में चर्चा है। तीनों ही नेता महंत समर्थकों में गिने जाते हैं। शहर जिलाध्यक्ष श्रीमती उष तिवारी ने निष्कासित करने की सूचना १८ नवंबर को जारी की है। संभवत: मतदान का समय होने के कारण इसे सार्वजनिक नहीं किया गया था।

श्रीमती तिवारी ने पार्टी से निष्कासन किए जाने की सूचना जारी करते हुए लिखा है कि विधानसभा चुनाव वर्ष 2008 विधानसभा क्षेत्र 21 कोरबा में आपके विरुद्ध शिकायत प्राप्त होने से शिकायत की समीक्षा की गई। जिसकी पुष्टि होने पर आपको पार्टी से निष्कासित किया जाता है। आपकी प्राथमिक सदस्यता समाप्त की जाती है। निष्कासन अवधि जारी दिनांक से छ: वर्ष की होगी। सूत्रों का कहना है कि तीनों के विरुद्ध पार्टी प्रत्याशी जयसिंह अग्रवाल ने शिकायत की थी। इसी आधार पर यह कार्रवाई की गई।

आठ माह पहले लौटे थे मूरितराम : कांग्रेस नेता मूरितराम साहू आठ माह पहले ही कांग्रेस में लौटे थे। 30 मार्च 2008 को जिला कांग्रेस कमेटी की शहर अध्यक्ष श्रीमती उषा तिवारी ने उन्हें सदस्यता प्रदान की थी।

श्री साहू को वर्ष 2004 में बसपा से लोकसभा चुनाव लड़ने पर निष्कासित किया गया था। कांग्रेस प्रवेश करते समय एक पत्र भी लिखकर दिया था, जिसमें उन्होंने गलतियों के लिए क्षमा मांगते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गंधी व प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत पर आस्था जताई थी। आठ माह बाद उनका दोबारा निष्कासान हो गया।

तीनों ही महंत समर्थक
कांग्रेस से निष्कासित तीनों नेता डॉ. महंत के समर्थक माने जाते हैं। मूरितराम भले ही पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के करीब रहे हैं, पर कांग्रेस प्रवेश करते समय उन्होंने अपनी आस्था डॉ. चरणदास महंत पर होना बताया था। रामसिंह अग्रवाल भी डॉ. महंत के करीब रहे हैं। हालांकि वे श्री जोगी, श्री शुक्ल के साथ सत्यनारायण शर्मा के संपर्क पर रहे व कार्यक्रमों में शामिल हुए। युवा कांग्रेस नेता अमित अग्रवाल डॉ. महंत के कट्टर समर्थकों में गिने जाते हैं। विपरीत परिस्थितियों में उन्होंने कभी पाला नहीं बदला। यह जरूर है कि विधायक बोधराम कंवर व पूर्व उपमुख्यमंत्री प्यारेलाल कंवर से उनका जुड़ाव रहा।

.. और भी कतार में
निष्कासन की कार्रवाई अभी और होना है। सूत्रों का कहना है कि शिकायत की लंबी फेहरिस्त है। चुनाव परिणाम के पहले या बाद में आधा दर्जन नेताओं पर गाज गिर सकती है। यह उल्लेखनीय है कि शहर में डॉ. महंत के दो गुट हैं। जिनके बीच शुरू से ही छत्तीस का आंकड़ा रहा है। प्रदेश स्तर पर और भी शिकायतें की गई हैं, जिन पर कार्रवाई होना बाकी है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी एक दर्जन से अधिक नेताओं पर भीतरघात करने के आरोप लगे हैं। एक-दो दिन बाद एक और सूची जारी होने की संभावना है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा खबर नहीं
शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती उषा तिवारी ने जहां पार्टी के इन तीनों के छ: वर्ष के निष्कासन संबंधी जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित किए जाने की बात कही है, वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धनेंद्र साहू का कहना है कि उनके पास न तो कोई शिकायत आई और न ही उन्हें निष्कासन किए जाने की जानकारी ही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा का कहना है कि वे प्रवास पर हैं और उन्हें इस संबंध में कोई सूचना नहीं है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दूसरे कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत से संपर्क नहीं हो सका।

निष्कासित नेताओं के खिलाफ पार्टी के विरोध में कार्य करने की शिकायत मिली थी। पार्टी प्रत्याशी के साथ कार्यकर्ताओं ने शिकायत पत्र दिया था। 17 नवंबर को कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के कार्यक्रम के दिन भी पार्टी विरोधी कार्य करने की शिकायत मिली। नेताओं को डाक द्वारा निष्कासन पत्र भेजा गया है प्रमाण सहित शिकायत के आधार पर चार-पांच लोगों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।
श्रीमती उषा तिवारी, अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी शहर

पार्टी हाईकमान के निर्णय के विरुद्ध कार्य करने वालों को किसी प्रकार का संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। तीनों नेताओं को निष्कासित करने का निर्णय पार्टी ने सोच समझकर लिया है।
जयसिंह अग्रवाल, कांग्रेस प्रत्याशी, कोरबा विधानसभा क्षेत्र

निष्कासन के संबंध में अब तक कोई पत्र नहीं मिला है। शहर जिलाध्यक्ष के कमेटी में वे कभी नहीं रहे। इस कारण उन्हें निष्कासन का पावर ही नहीं है। कांग्रेस कार्यकर्ता हूं, कांग्रेस की मजबूती के लिए कार्य करता रहूंगा।
रामसिंह अग्रवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी

अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष एखलाख खान के साथ कई वार्डो में सभाएं ली। मुख्य मार्ग व एमपी नगर में कार्यालय का उद्घाटन किया। इस तरह के निष्कासन से पार्टी को क्षति होगी। चार माह बाद लोकसभा चुनाव हैं। कुछ लोग पार्टी को कमजोर करने में लगे हैं।
मूरितराम साहू, वरिष्ठ कांग्रेसी

निष्कासन संबंधी अधिकारिक पत्र नहीं मिला है। विगत आठ वर्षो से निष्ठावान सिपाही के रूप में कांग्रेस के लिए काम कर रहा हूं। व्यक्तिगत रंजिश की वजह से शिकायत व कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है। भविष्य में कांग्रेस के सिपाही की ही तरह काम करता रहूंगा।
अमित अग्रवाल, युकां उपाध्यक्ष





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: