|
शिकागो. 26 नवबंर को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के बाद अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कहा है कि इस हमले की जांच में पाकिस्तान भारत का पूरा सहयोग करेगा। यह पूछे जाने पर कि अगर जांच में पाकिस्तान के चरमपंथियों का हाथ पाया जाता है और अगर पाकिस्तान इनके खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं करती तो क्या अमेरिका की तरह भारत के पास भी चरमपंथियों के खिलाफ कार्रवाई का अधिकार है।
इस सवाल के बाद बराक ओबामा ने कहा कि, हर संप्रभुतासंपन्न देशों को अपनी रक्षा करने का अधिकार है लेकिन अभी मैं दक्षिण एशिया में जो माहौल है उस पर कोई भी ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि जहां तक मुझे पूरी आशा है कि भारत में हुए आतंकवादी हमलों की जांच में पाकिस्तान पूरा सहयोग करेगा।
ओबामा ने पाकिस्तान को भारत के साथ जांच में पूरा सहयोग करने को कहा है। उन्होंने कहा है कि जरदारी ने भारत के साथ जो वादा किया है उस पर उन्हे पूरा अमल करना चाहिए, ताकि आपसी संबंध बना रहे।
गौरतलब है कि मुंबई में हुए अब तक के सबसे बड़े आतंकवादी हमले में 180 लोगों की मौत और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए, इसके बाद भारत सरकार आतंकवाद पर कड़ा कदम अख्तियार कर लिया है।