|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. राजधानी से गुजरनेवाली प्रमुख ट्रेनों में स्लीपर के मुकाबले एयरकंडीशंड बोगियों में रिजर्वेशन के लिए मारामारी मचने लगी है। आरक्षण केंद्रों के आंकड़े बता रहे हैं कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, अहमदाबाद जैसे शहरों को जाने वाली ट्रेनों में 15 जनवरी तक एसी के किसी भी क्लास में कंफर्म टिकट नहीं हैं। जबकि इन्हीं शहरों को जाने वाले ट्रेनों में स्लीपर के कंफर्म टिकट 15 से 20 दिसंबर के बाद उपलब्ध हैं।
मुंबई जाने वाली मेल सुपरफास्ट, गीतांजलि सुपरफास्ट और ज्ञानेश्वरी सुपरडीलक्स में 5 जनवरी तक एसी क्लास के किसी भी दर्र्जे में कंफर्म बर्थ मिलना मुश्किल है। तीनों गाड़ियों में एसी के सभी क्लास में 2 से 40 तक वेटिंग है। ज्ञानेश्वरी और गीतांजलि में 25 के बाद अगले दो दिनों तक स्लीपर क्लास में चार-छह बर्थ उपलब्ध हैं। उसके बाद स्लीपर का भी यही हाल है। मेल की लेटेस्ट पोजीशन के मुताबिक 22 से 29 दिसंबर तक हर दिन स्लपीर में 100-200 बर्थ तक खाली हैं, लेकिन एसी में हालात इसके उलट हैं।
स्लीपर से पहले एसी पैक
दिल्ली के लिए गोंडवाना और समता में स्लीपर से पहले एसी बोगियां पैक हो गईं। ऐसा पहली बार हुआ। दोनों ही ट्रेनों में दिसंबर के अंतिम सप्ताह तक एसी की एक भी श्रेणी में कंफर्म बर्थ नहीं है, जबकि स्लीपर में सभी दिनों में 40-80 सीटें तक खाली हैं। बिलासपुर-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में 25 दिसंबर को छोड़कर बाकी दिनों के लिए एसी पैक है। समता एक्सप्रेस में भी एसी-2 और एसी-3 के टिकटों के लिए 15 जनवरी तक का इंतजार करना पड़ेगा। हावड़ा जाने वाली आजादहिंद सुपरफास्ट में 20 दिसंबर से 15 जनवरी तक स्लीपर क्लास में टिकट आसानी से मिल जाएंगे, लेकिन एसी दर्जे की एक भी सीटों पर कंफर्म बर्थ नहीं है। मेल और गीतांजलि सुपरफास्ट का भी यही हाल है।
ऐसा पहली बार
>> हावड़ा जाने वाली मेल सुपरफास्ट में 25 दिसंबर के बाद अगले एक हफ्ते तक स्लीपर में 98 से 211 बर्थ खाली हैं, लेकिन एसी में 3 से 10 तक वेटिंग है।
>> हावड़ा जाने वाली आजाद हिंद एक्सप्रेस में 25 दिसंबर के बाद अगले एक हफ्ते तक स्लीपर क्लास में 15 से 40 बर्थ तक खाली हैं, लेकिन एसी के किसी भी क्लास में एक भी बर्थ नहीं मिलेगा।
>> दिल्ली जाने वाली समता एक्सप्रेस में 25 दिसंबर के बाद स्लीपर क्लास में 30-70 बर्थ तक खाली है, लेकिन एसी क्लास की सभी श्रेणी में कंफर्म टिकटें उपलब्ध नहीं हैं।
>> दिल्ली जाने वाली गोंडवाना सुपरफास्ट में 25 दिसंबर के बाद स्लीपर क्लास में 40-80 सीटें खाली हैं, जबकि एसी की सेकंड और थर्ड क्लास में 5-10 वेटिंग शुरू हो चुकी है।