|
अजमेर. भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने सोमवार को दरगाह जियारत की और ख्वाजा गरीब नवाज से प्रधानमंत्री बनने व पार्टी की जीत के लिए मन्नत मांगी। दरगाह परिसर और बाजार में इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
आडवाणी सुबह साढ़े नौ बजे दरगाह पहुंचे। निजामगेट पर खादिम सैयद रिजवान चिश्ती, अंजुमन सैयदजादगान के सचिव सैयद महमूद-उल-हसन चिश्ती व कार्यकारिणी सदस्य सैयद मुनव्वर चिश्ती ने उनका इस्तकबाल किया। उन्हें कड़े सुरक्षा घेरे में दरगाह परिसर ले जाया गया। उन्होंने गरीब नवाज की मजार पर मखमल की चादर और अकीदत के फूल पेश किए।
खादिम सैयद रिजवान चिश्ती ने उन्हें जियारत कराई, दस्तारबंदी की और तबरुक भेंट किया। जन्नती दरवाजे के पास अंजुमन सदर सैयद गुलाम किबरिया चिश्ती ने उनका शॉल ओढ़ा और तबरुक भेंट कर इस्तकबाल किया। उनके साथ भाजपा प्रत्याशी वासुदेव देवनानी, शहर भाजपा अध्यक्ष शिव शंकर हेड़ा, तुलसी सोनी और अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सैयद इब्राहीम फख्र भी थे।
बहुत-बहुत शुक्रिया..
जियारत कर लौटते समय खादिम इमरान चिश्ती, सैयद नन्हू चिश्ती, गौहर चिश्ती, फजल मोइन आदि ने जब उन्हें बताया कि 50 से अधिक कार्यकर्ता पार्टी के लिए काम कर रहे हैं तो आडवाणी ने कहा कि ‘बहुत-बहुत शुक्रिया’।
5 वीं बार जियारत
आडवाणी ने बताया कि वह यहां पांचवीं बार जियारत के लिए आए हैं।
21 सौ रुपए नजराना
आडवाणी ने अंजुमन की संस्मरण पुस्तक में अपने विचार लिखे और दरगाह में लंगर के लिए 2100 रुपए नजराना पेश किया।
‘मैं पहले ही लिख चुका हूं’
जब वे संस्मरण लिख रहे थे, तब खादिम सैयद रिजवान चिश्ती ने कहा कि खादिम का नाम भी दर्ज कर दीजिए। आडवाणी ने कहा कि जब वह आए थे, तब नाम दर्ज कर दिया था। पुस्तक में 2 अप्रैल 2004 को आडवाणी के संस्मरण और खादिम का नाम लिखा मिल गया।
कमांडो बाहर ही रहे
आडवाणी की सुरक्षा में लगे ब्लैक कैट कमांडों दरगाह परिसर के बाहर ही रहे।
भदेल की गैरहाजिरी चर्चा में
भाजपा की अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की प्रत्याशी अनिता भदेल की गैरहाजिरी पार्टी कार्यकर्ताओं में चर्चा में रही।
व्यापार संघ ने स्वागत किया
निजामगेट के बाहर दरगाह बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष जोधा टेकचंदानी और महासचिव घनश्यामदास रामरख्यानी ने उनका स्वागत किया। मोती कटला के पास उन पर पुष्प वर्षा की गई।
आस्ताने में जायरीन रोके
आडवाणी की जियारत के समय बेगमी दालान वाले मुख्य गेट से जायरीन का आस्ताना शरीफ के लिए प्रवेश कुछ देर के लिए रोक दिया गया।
धानमंडी में रोके वाहन
आडवाणी के दरगाह आने से पहले पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से धानमंडी से ही वाहनों को रोक दिया। बाजार में इधर-उधर खड़े वाहनों को भी हटवा दिया।
लोगों की भीड़
शाहजहांनी मस्जिद परिसर और आस्ताना शरीफ के बाहर आडवाणी को देखने के लिए लोगों की खासी भीड़ रही।