|
अजमेर. अंदरकोट बड़ा पीर रोड इलाके की ग्यारह वर्षीय किशोरी को उसके जीजा ने अगवा कर बंधक बना लिया। किशोरी के घरवालों ने रिपोर्ट दर्ज कराकर एसपी से मदद की गुहार की है। बड़ा पीर रोड स्थित बादशाह मंजिल निवासी शेख रमजान ने गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उसने बताया कि पुत्री निहा परवीन 24 अक्टूबर को डिग्गी बाजार सुधार सभा में जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वहां नहीं पहुंची, उसकी संभावित जगहों पर तलाश की गई, लेकिन पता नहीं लगा। मामले की रिपोर्ट गंज थाने में दर्ज कराई गई। 29 नवंबर को निहा ने मोबाइल फोन से बातचीत की। उसने बताया कि जयपुर में महात्मा गांधी कॉलोनी नाके इलाके में शेख वसीम ने उसे बंधक बना रखा है।
वह उसका निकाह किसी के साथ करना चाहता है। शेख रमजान ने बताया कि उसने निहा के फोन के बारे में पुलिस को सूचना दे दी है। उसने बताया कि बड़ी बेटी का निकाह शेख वसीम के साथ किया था, लेकिन दहेज को लेकर उसने बेटी को रखने से मना कर दिया। तब से वह उसके पास ही रह रही है। वसीम ने इस रंजिश के चलते छोटी बेटी का अपहरण कर लिया। शेख रमजान ने मामले की शिकायत एसपी को की है।