|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
मुंबई में गत बुधवार को हुए हमले के बाद आयशा टाकिया ने अपनी शादी टाल दी है। सपा नेता अबू आजमी के बेटे फरहान आजमी के साथ 25 दिसंबर को आयशा की शादी होनी थी लेकिन अब उन्होंने अगले साल के मध्य तक शादी टाल दी है। इस बारे फरहान ने बताया, ‘जब आयशा को मुंबई के हमलों के बारे में पता चला तो वह बहुत दुखी हुई।
मेरे पापा इस वक्त अस्पताल में हैं। उन्हें भी इस घटना का बेहद अफसोस है। हमारे घर का कोई भी सदस्य इस समय शादी का जश्न मनाने के मूड में नहीं है। अगले साल के मध्य तक तो हम शादी के बारे में सोच भी नहीं सकते हैं और जब भी शादी होगी तो उसमें हमारे कुछ दोस्त और रिश्तेदार ही शामिल होंगे।’
हमलों के बारे में फरहान ने कहा, ‘नरीमन हाउस में जो कुछ हो रहा था, वह मैं अपनी आंखों से देख रहा था क्योंकि वह जगह हमारे घर से 6-7 इमारतों की दूरी पर ही है। ओबरॉय होटल सील होने के बाद सभी लोग मेरे रेस्तरां में आ गए।
वहां लोग चीख-चिल्ला रहे थे-हमारी मदद करें। मुझे आज भी जब उस वक्त की याद आती है तो मन में अजीब सा डर समा जाता है।’ फिलहाल आयशा ग्रीस में बोनी कपूर की फिल्म ‘वांटेड-डैड ऑर अलाइव’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसके बाद उनकी ‘पाठशाला’ और ‘तस्वीर’ फिल्में रिलीज होंगी।