Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsNational National

पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सिरदर्द : अलब्राइट

वाशिंगटन. पाकिस्तान में आतंकवाद व परमाणु हथियारों जैसे कई तत्वों को अंतरराष्ट्रीय चिंता का कारण बताते हुए अमेरिका की पूर्व विदेशमंत्री मैडेलिन अलब्राइट ने उस देश को अंतरराष्ट्रीय सिरदर्द बताया है।

निजी चैनल के कार्यक्रम में अलब्राइट ने कहा, ‘मुझे लगता है पाकिस्तान में वह सब है जो आपको अंतरराष्ट्रीय मायग्रेन (दीर्घावधि का सिरदर्द) देता है। वहां परमाणु हथियार, आतंकवाद भ्रष्टाचार और घोर गरीबी है।

जांच में पूरा सहयोग दे पाक : राइस

बुधवार को भारत यात्रा पर आने के पहले अमेरिकी विदेशमंत्री कोंडोलीजा राइस ने पाकिस्तान से आतंकी वारदात की जांच में पूरा सहयोग देने को कहा है। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक राइस मुंबई या पाकिस्तान नहीं जाएंगी। राइस ने भारत की प्रतिक्रिया पर कोई अटकल लगाने से इनकार करते हुए कहा कि पाकिस्तान को हमले की गंभीरता को समझना होगा। उन्होंने कहा,‘भारत व पाकिस्तान के बीच आपसी सहयोग ही स्थिति से निपटने का सर्वश्रेष्ठ तरीका है और हम इसे ही बढ़ावा दे रहे हैं। यह समय संपूर्ण पारदर्शिता दिखाने का है। हमें सबूतों को सामने आने देना होगा, फिर ये चाहे जहां ले जाए।’ उन्होंने कहा कि हमले में अमेरिकियों, ब्रिटिश व इजरायलियों को निशाना बनाया गया।

यह अंतराष्ट्रीय समुदाय का आत्मविश्वास व भारत की सुरक्षा को धक्का पहुंचाने का प्रयास था। इस अर्थ में हमले में गुणात्मक फर्क है और इसीलिए पाकिस्तानी प्रतिक्रिया में भी गुणात्मक फर्क होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे भारत के साथ एकजुटता दिखाने वहां जा रही हैं।इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्रालय के उपप्रवक्ता रॉबर्ट वुड ने कहा कि राइस का कार्यक्रम अभी तैयार हो रहा है। फिलहाल उनके मुंबई या पाकिस्तान जाने की कोई योजना नहीं है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: