|
News
International International इस्लामाबाद.अमेरिकी दबाव के आगे झुकते हुए पाकिस्तान ने मुंबई हमले की जांच के लिए संयुक्त तंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। उसने लश्कर-ए-तैयबा सरगना हाफीज मोहम्मद सहित 20 भगोड़ों को सौंपने की भारत की मांग का माकूल जवाब देने की तैयारी भी दिखाई है।
सरकारी पीटीवी पर सक्षिप्त प्रसारण में विदेशमंत्री शाह महमूद कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान मुंबई हमले के दोषियों का पता लगाने में सहयोग का हाथ बढ़ाने और हर तरह से मदद करने को तैयार है। उन्होंने जांच के लिए संयुक्त तंत्र और संयुक्त आयोग की स्थापना का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि पाकिस्तान जांच में भारत की मदद के लिए दल के गठन को तैयार है।
प्रस्ताव के मुताबिक आयोग की सह-अध्यक्षता दोनों देशों के सुरक्षा सलाहकार कर सकते हैं और सूचना के आदान-प्रदान के लिए जल्द से जल्द बैठक बुलाई जा सकती है। बीस आतंकियों को सौंपने की भारत की मांग पर पाकिस्तान की सूचना मंत्री शेरी रहमान ने कहा, ‘सूची मिलने पर हम इस पर गौर करेंगे और उसका माकूल जवाब देंगे।’
उन्होंने कहा कि मुंबई हमले में सरकार से इतर लोगों का हाथ है और पाकिस्तान सरकार देश में व सीमा पर यह सुनिश्चित करने के लिए सारे कदम उठा रही है कि पाकिस्तानी जमीन का उपयोग आतंकवाद के लिए न हो। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि कुरैशी ने संयुक्त जांच का प्रस्ताव अमेरिका, ब्रिटेन, चीन, फ्रांस, रूस, यूरोपीय संघ और कुछ अन्य राष्ट्रों के राजनयिकों के साथ बैठक में रखा। यह बैठक मुंबई हमले की पृष्ठभूमि में पाकिस्तान की स्थिति साफ करने के लिए बुलाई गई थी।