|
तिरुवनंतपुरम/नई दिल्ली. मुंबई में आतंकियों के खिलाफ लड़ते हुए अपनी जान गंवा देने वाले मेजर संदीप उन्नीकृष्णन के परिवार के संबंध में केरल के मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन द्वारा की गई टिप्पणी का मामला लगातार गर्माता जा रहा है।
माकपा द्वारा इसे खेदजनक बताए जाने के बावजूद मुख्यमंत्री ने इस मामले में माफी मांगने से स्पष्ट इनकार कर दिया है। इस मामले पर विपक्षी गठबंधन यूडीएफ ने सख्त रवैया अख्तियार करते हुए इसे बुधवार को राज्य विधानसभा में उठाने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि वे मेजर संदीप के परिजनों से मिलने गए थे, लेकिन संदीप के पिता ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया था। इससे खिसियाए अच्युतानंदन ने कहा था, ‘अगर मेजर शहीद नहीं हुए हाते तो, वहां कुत्ता भी न जाता।’
अच्युतानंदन को हटाया जाए : लालू यादव
रेलमंत्री लालू यादव ने अच्युतानंदन के बयान पर कहा, वे माकपा के नेताओं से उन्हें हटाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि कभी-कभी नेताओं को जनता के गुस्से का सामना करना पड़ता है, लेकिन अच्युतानंदन को मेजर के पिता की स्थिति को समझना चाहिए था।