|
राई (सोनीपत). जठेड़ी गांव में हुए डबल मर्डर कांड में पुलिस ने छह लोगों को नामजद किया है। मृतकों के परिजनों के बयान पर सभी के खिलाफ हत्या और शव को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार को दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए।
मृतक अनिल के भाई अजीत पुत्र रामफल ने आरोप लगाया कि उसके भाई की हत्या बढ़मलिक निवासी रमेश, चरित्र, योगेश, जठेड़ी निवासी मोनू पुत्र महाबीर, राठधना निवासी प्रवेश व गढ़ी निवासी पुनीत ने की है। अजित का कहना है कि उसके भाई को रमेश ने फोन कर घर से बुलाया था। अनिल घर पर शादी समारोह की कह गया था। अजित ने बताया कि आरोपियों की उसके भाई से पुरानी रंजिश थी। पहले कई बार झगड़ा भी हुआ था।
जिसमें समझौता भी हो गया था। उन्होंने आशंका जताई कि अनिल को विश्वास दिलाकर बुलाया और चाकू से गोद हत्या कर दी। मृतक योगेंद्र के पिता सूबेदार महेंद्र ने बताया कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। थाना प्रभारी नरसिंह अहलावत ने बताया कि हत्या के कारणों एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीम गठित की गई हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को अनिल व योगेंद्र के शव कुएं से बरामद किए गए थे। दोनों की हत्या चाकू से गोद कर की गई थी। दोनों सीआरए कालेज में स्नातक के छात्र थे।
कहां हैं अमित
गांव से अनिल, योगेंद्र के साथ अमित भी साथ गया था। अमित ने ही अनिल की सेंट्रो कार उनके घर पहुंचाई। इसके बाद अमित भी गायब हो गया। मृतक योगेंद्र के पिता महेंद्र सिंह ने कहा कि अमित पुत्र जयकंवार ही हत्याकांड के बारे में जानकारी दे सकता है।
एक साथ जली दोनों चिताएं
अनिल व योगेंद्र की हत्या एक साथ की गई थी। मंगलवार को दोनों दोस्तों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपे गए। परिजनों ने दोनों की चिताएं भी साथ-साथ बनाई और एक साथ अंतिम संस्कार किया। डबल मर्डर को लेकर गांव में दहशत का माहौल है।
पुलिस ने कई हिरासत में लिए
हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस ने उनके कई सहयोगी, परिजन एवं दोस्तों को हिरासत में लिया है। सोमवार रात से ही उनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि थाना प्रभारी ने इस मामले में किसी की गिरफ्तारी से इंकार किया है।