|
News
Metros
Chandigarh Chandigarh मनीमाजरा इसे शिक्षा विभाग की मजबूरी कहें या कुछ और कि मॉडर्न हाउसिंग कॉम्प्लेक्स स्थित कम्युनिटी सेंटर में सरकारी स्कूल खोल दिया गया है। अब लोगों को अपने फंक्शंस सड़कों पर ही आयोजित करने पड़ रहे हैं। मॉडर्न कॉम्प्लेक्स और मनीमाजरा के इलाके में यह एकमात्र कम्युनिटी सेंटर था, जहां लोग अपने फंक्शंस आयोजित करते थे।
बीते दिनों शादियों के सीजन के चलते लोगों को कम्युनिटी सेंटर के अभाव में सड़कों पर ही टेंट लगाकर समारोह आयोजित करने पड़े। नगर निगम की ओर से स्थानीय निवासियों की मांग पर यहां कम्युनिटी सेंटर की स्थापना की गई थी पर पिछले साल मनीमाजरा में प्राइवेट स्कूल बंद होने के कारण सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या इतनी ज्यादा हो गई कि सरकारी स्कूल की इमारत ही छोटी पड़ गई।
शिक्षा विभाग ने कम्युनिटी सेंटर में ही स्कूल खोल दिया। स्थानीय निवासी जगतार सिंह, मदन लाल का कहना है कि कम्युनिटी सेंटर में स्कूल खोले जाने के बाद लोगों को अपने फंक्शन आयोजित करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को स्कूल के लिए अलग से भवन बनाना चाहिए।
मनीमाजरा में कुछ साल पहले नगर निगम की ओर से रैन बसेरे का निर्माण किया गया था पर बाद में उसे किसी निजी संस्था को लीज पर दे दिया गया था। नगर निगम के एडीशनल कमिश्नर पी.के. शर्मा का कहना है कि कम्युनिटी सेंटर उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आते हैं।