|
लंदन. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन और स्पिनर रोबर्ट क्राफ्ट ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम से अगले हफ्ते टेस्ट सिरीज के लिए भारत लौटने की अपील करते हुए कहा कि ऐसा करके केविन पीटरसन और उनकी टीम मुंबई आतंकी हमलों के बाद मेजबान टीम को सामान्य स्थिति में पहुंचने में मदद करेगी।
हुसैन ने अपने कालम में लिखा भारत लौटना इंग्लैंड के क्रिकेटरों को खेल और भारत के प्रति फर्ज बनता है। उन्होंने कहा मैं स्वदेश लौटने और पिछले हफ्ते के भयावह हादसे के बाद स्थिति का आकलन करने के लिए इंग्लैंड टीम का सम्मान करता हूं। फिर मेरे लिए यह कहना आसान होगा कि यहां चेम्सफोर्ड में बैठने की जगह मुझे ऐसा लगता है कि इंग्लैंड टीम को घोषणा करना चाहिए कि वह दो टेस्ट खेलने के लिए भारत वापस जा रही है और वह इस दौरे और दुनिया में खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पूरा कर रही है।
अगले हफ्ते होने वाली टेस्ट सिरीज के कार्यक्रम में फेरबदल किया गया है और अब मैच चेन्नई और मोहाली में कराए जाएंगे लेकिन फिर भी एंड्रयू फ्लिंटॉफ और स्टीव हार्मिसन जैसे चोटी के खिलाड़ी भारत लौटने को लेकर अधिक उत्साहित नहीं हैं। हुसैन ने हालांकि कहा अगर कोई खिलाड़ी दौरे से नाम वापस लेता है तो इसमें कोई हर्ज नहीं है। जब हमने 2001 में न्यूयॉर्क में हमलों के तुरंत बाद मेरी कप्तानी में भारत का दौरा किया था तब मुझे दौरा नहीं करने का रोबर्ट क्राफ्ट और एंड्रयू कैडिक का फैसला स्वीकार करने में कोई परेशानी नहीं थी।
उन्होंने कहा मैंने उन्हें कहा था कि यह उनके खिलाफनहीं जाएगा और इसी तरह यह एंड्रयू फ्लिंटॉफ, स्टीव हार्मिसन या इंग्लैंड के किसी और खिलाड़ी के खिलाफ नहीं जाना चाहिए जो दौरा करने के लिए तैयार नहीं है। अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को आतंकी हमले के बाद भारत दौरे से हटने वाले क्राफ्ट ने कहा मुझे इस हमले का मलाल है। सुरक्षा आधार पर दुनिया में कोई सुरक्षा कंपनी नहीं है जो कभी सुरक्षा की गारंटी दे सके। जब आप खरीददारी के लिए सड़क पर उतरते हैं दो आप सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकते।