|
लाहौर. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान रशीद लतीफ ने आईपीएल और आईसीएल में शामिल देश के शीर्ष क्रिकेटरों से हटने का आग्रह किया है। लतीफ ने कहा कि वर्तमान स्थिति में पाकिस्तान के क्रिकेटरों को भारतीय लीग से किनारा कर लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि निजी हित से देश हित ज्यादा बड़ा है। गौरतलब है कि पाकिस्तान के ज्यादातर क्रिकेटर आईपीएल और आईसीएल में खेल रहें हैं। उन्होंने कहा कि लीग से हटना एक कठिन निर्णय होगा लेकिन अभी जितना तनाव पैदा हो गया है उसमें उन्हें ऐसा कदम उठाना ही चाहिए।
गौरतलब है कि भारत की आíथक राजधानी मुंबई में हुए आतंकी हमलों में पाकिस्तानी तत्वों के हाथ होने की बात सामने आई है। ऐसे में भारत का पाकिस्तान दौरा भी अधर में लटक गया है। समाचार पत्र ‘द न्यूज’ ने लतीफ के हवाले से कहा है ‘मुझे पता है कि खिलाड़ियों का पैसा कमाना भी जरूरी है , लेकिन इस समय देश हित सवरेपरि होना चाहिए ।’
उन्होंने कहा कि भारत इस समय पाकिस्तान पर आधारहीन आरोप लगा रहा है। ऐसे में हमारे क्रिकेटरों को वहां नहीं जाना चाहिए और उन्हें अपना अनुबंध खत्म कर देना चाहिए। लतीफ ने उम्मीद जताई कि दोनों देशों की सरकार इस समस्या का समाधान निकाल लेगी। उन्होंने कहा‘दोनों देशों के लिए शांति स्थापित रखना ज्यादा महत्वपूर्ण है। ’ जहांतक क्रिकेट की बात है तो दोनों देशों के लिए एक दूसरे के खिलाफ क्रिकेट खेलते रहना जरूरी है।
उन्होंने कहा ‘एक क्रिकेट प्रशंसक के रूप मुझे उम्मीद है कि भारतीय टीम अगले वर्ष पाकिस्तान के दौरे पर आएगी लेकिन अभी की स्थिति में ऐसा हो पाना जरा मुश्किल दिख रहा है।’