|
लंदन. इंग्लैंड बोर्ड के सुरक्षा सलाहकार रेग डिकसन मंगलवार को चेन्नई रवाना हो गए, जहां वे इंग्लिश टीम के लिए सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेंगे। पहला टेस्ट 11 दिसंबर से चेन्नई में ही प्रस्तावित है। स्काई स्पोर्ट्स के अनुसार इंग्लिश बोर्ड भारत दौरे की टेस्ट सीरीज के दौरान अपनी टीम के लिए कमांडो सुरक्षा चाहता है। उसने डिकसन की रिपोर्ट आने तक भारत टीम भेजने का फैसला टाल दिया है। चैनल के अनुसार भारत व इंग्लैंड के बीच अबू धाबी में अभ्यास मैच खेलने की संभावना है।
इस बीच बीसीसीआई सूत्रों ने कहा कि डिकसन के बुधवार तक रिपोर्ट तैयार कर पाने की संभावना कम ही है। उन्होंने चेन्नई रवाना होने से पहले हमें कुछ शर्त्े भेजी हैं और उन पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। सूत्रों के अनुसार इन शर्र्तो में इंग्लिश टीम के लिए कमांडो सुरक्षा उपलब्ध कराना प्रमुख है।
इंग्लिश बोर्ड चाहता है कि भारत दौरे की टेस्ट सीरीज के दौरान पूरे समय उसकी टीम के साथ कमांडो का दल तैनात रहे। टीम के ड्रेसिंग रूम में भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करनी होगी और आतंकी हमले की स्थिति में आपात योजना भी डिकसन को दिखानी होगी। उल्लेखनीय है कि मुंबई में आतंकी हमले के बाद इंग्लिश टीम वनडे सीरीज अधूरी छोड़कर स्वदेश लौट गई थी।