|
नई दिल्ली. चुनाव आयोग ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा को पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती की घोषणा के मामले में क्लीन चिट दे दी है। आयोग ने अखबारों में छपे देवड़ा के बयान व वीडियो क्लिपिंग देखने के बाद यह पाया है कि देवड़ा ने चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया है।
आयोग के सूत्रों के अनुसार देवड़ा ने यह साफ तौर पर कहा था कि छह राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद केंद्र सरकार पेट्रोल व डीजल की कीमत की समीक्षा करेगी। इस बयान से आचार संहिता का किसी प्रकार से उल्लंघन नहीं होता है।
देवड़ा के खिलाफ भाजपा ने चुनाव आयोग से 26 नवंबर को दिए गए उस बयान के बाबत शिकायत की थी, जिसमें उन्होंने विधानसभा चुनाव के बाद पेट्रोल-डीजल के दाम घटाने की घोषणा की थी। आयोग ने इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए देवड़ा से जवाब मांगा था। देवड़ा ने पांच पेज के अपने जवाब में यह बताया था कि उन्होंने किसी भी प्रकार से आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया है।