Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosIndore Indore

पांच डाकघरों में मिलेंगे सोने के सस्ते सिक्के

इंदौर. बिगड़ती माली हालत से घाटे में चल रहा डाक विभाग सोने के सिक्के बेचकर अपनी सेहत संवारने की जुगत लगा रहा है। इंदौर में इस काम की शुरुआत 5 दिसंबर से होगी। पहले चरण में पांच डाकघरों में सिक्के मिलेंगे। अच्छा प्रतिसाद मिला तो इसमें और बढ़ोतरी की जाएगी।

केंद्र सरकार के डाक विभाग ने प्रदेश के तीन बड़े शहरों के 15 डाकघरों को इस काम के लिए चुना है। इनमें इंदौर के साथ भोपाल और ग्वालियर भी शामिल हैं। डाकघर के माध्यम से सोने के सिक्के का विक्रय वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल और जीई मनी कंपनी का सांझा प्रयास है।

पहले वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल जीई मनी कंपनी के मार्फत ही सिक्के बेचना चाहती थी लेकिन कंपनी के ज्यादा आउटलेट नहीं होने से निर्णय बदलना पड़ा। प्रस्ताव मिलने पर डाक विभाग को सोने के सिक्के में खुद की सेहत संवरती नजर आई और विभाग ने तुरंत इसके लिए हामी भर दी। सिक्के खरीदने के लिए ही सही, ग्राहक डाकघर की सीढ़ी चढें़गे और विभाग अपना खोता वजूद पा सकेगा।

इन स्थानों पर मिलेंगे सिक्के
>> इंदौर जीपीओ, मुख्य डाकघर एमजी रोड, नंदानगर डाकघर, इंदौर सिटी डाकघर, विजयनगर डाकघर

कितने ग्राम के सिक्के
डाक विभाग में एक, पांच और आठ ग्राम के सोने के सिक्के मिलेंगे। वह भी बाजार भाव से कुछ कम कीमत में। सोना 24 कैरेट का होगा।

बाजार का मिलेगा लाभ
शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव का लाभ सीधे-सीधे डाकघर को मिलेगा। बाजार की वर्तमान स्थिति देखते हुए ज्यादातर लोग सोने में निवेश करना पसंद कर रहे हैं। जब डाकघर में बाजार भाव से कम में सोने का सिक्के मिलेंगे तो निश्चित तौर पर लोग वहां का रुख करेंगे।

एक महीने में पांच लाख सिक्के बेचने का लक्ष्य
पहले हम बीमा और पूंजी निवेश जैसे काम करते रहे हैं। सोने के सिक्के बेचना भी उसी तरह का काम है। इससे डाकघर के राजस्व में वृद्धि होगी। हमने एक महीने में पांच लाख सिक्के बेचने का लक्ष्य तय किया है। सिक्के बाजार भाव से कुछ कम दर पर बेचे जाएंगे।
-विधानचंद्र रॉय, निदेशक, डाकसेवा





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: