|
इंदौर. विधानसभा चुनाव-2008 के लिए सोमवार को होने वाली मतगणना में पहला नतीजा नई सीट राऊ से मिलेगा जबकि अंतिम परिणाम देपालपुर व सांवेर से आएंगे। मतगणना के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए मंगलवार को दो दौर में कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया।
मंगलवार को सुबह 11 बजे जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव व एसपी संजीव शमी ने नेहरू स्टेडियम में तैयार किए गए मतगणना स्थल का दौरा भी किया। श्री श्रीवास्तव ने बताया मतगणना वाले दिन सुबह 7 बजे स्ट्रांग रूम खोला जाएगा। इसके लिए सभी उम्मीदवारों को पहले ही जानकारी भेजी जा रही है ताकि वे मौके पर उपस्थित हो सकें। सुबह 8 बजे से हम मतगणना प्रारंभ कर देंगे। मतगणना के लिए करीब 250 शासकीय कर्मचारी व अधिकारियों को बुलाया गया है जिन्हें पहले दौर का प्रशिक्षण दे दिया गया है। दूसरे दौर का प्रशिक्षण शनिवार को दिया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कर्मचारियों की ड्यूटी रेंडमली लगाई जाएगी। उन्हें मतगणना के कुछ देर पहले ही पता चल सकेगा कि उन्हें कौन-सी विधानसभा के मतों की गिनती करना है।
सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती
मतगणना वाले दिन सबसे पहले डाक मत पत्रों की गिनती होगी। मतगणना के लिए सुरक्षा, बिजली आपूर्ति सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के निर्देश कलेक्टर श्री श्रीवास्तव ने दिए हैं। नौ कक्षों में 118 टेबले मतगणना के लिए लगाई गई है। प्रत्याशियों के मतगणना एजेंट निर्धारित प्रवेश पत्र के आधार पर ही मतगणना कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। टेबुलेशन कक्ष में टेबुलेशन कार्य के लिए नियुक्त कर्मचारियों के अलावा अन्य व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
राऊ के 14 व सांवेर-देपालपुर के 19-19 राउंड
जिले की नौ विधानसभा सीटों के लिए एक साथ सुबह 8 बजे से ही मतगणना शुरू होगी। जैसे-जैसे परिणाम आते जाएंगे वैसे-वैसे विजयी उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी जाएगी। हर विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग बैठक व्यवस्था की गई है। इसमें विधानसभा के मतदान केंद्रों को मिलाकर अलग-अलग राउंड बनाए गए हैं। 166 मतदान केंद्र वाली राऊ विधानसभा के लिए 14 राउंड होंगे जबकि देपालपुर (220 केंद्र) व सांवेर (225) के लिए 19-19 राउंड आयोजित किए जाएंगे। जितनी टेबल रहेगी उतने का एक राउंड होगा यानी राऊ में 12 टेबल मतगणना के दौरान लगाई गई हैं तो यहां का एक राउंड 19 का होगा।