|
जयपुर. मानसरोवर इलाके में सोमवार रात एक बेकाबू कार डिवाइडर पर चढ़कर बिजली पोल से टकरा गई। हादसे में कार चालक सहित दो जनों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार मृतक करौली निवासी बालू गुर्जर (25) व रजतपथ सेक्टर 46 निवासी नरेश कुमार उर्फ पप्पू (34) हैं। गंभीर घायल लाला गुर्जर (24) व धर्मा (18) का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि बालू, लाला व धर्मा किरण पथ पर एक दुकान में काम करते थे। इसके अलावा नरेश की किरण पथ पर बर्फ की दुकान है। रात करीब 10 बजे सभी नरेश की कार में सवार होकर मध्यम मार्ग पर पटेल मार्ग चौराहे से पान खाकर किरण पथ लौट रहे थे। इसी दौरान मध्यम मार्ग देवरी मोड़ पर एक इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट के नजदीक कार बेकाबू होकर डिवाइडर पर जा चढ़ी और बिजली के पोल से टकरा गई। इससे कार के शीशे टूट गए और बालू बाहर आ गिरा। घटना के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस व एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को मानसरोवर मीरा मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया था, जहां बालू गुर्जर ने सोमवार रात, जबकि कार चालक नरेश ने मंगलवार रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।