|
जयपुर . भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा 23 हजार रुपए की रिश्वत लेते सोमवार को गिरफ्तार किए गए जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई-ग्रामीण वृत्त) एस.के.डी. अग्रवाल के बैंक खातों में 37 लाख रुपए जमा होने का पता लगाया है। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट ने जेल भेज दिया।
एसीबी के पुलिस महानिरीक्षक डी.एस. दिनकर ने बताया कि अग्रवाल के अंबाबाड़ी निवास की तलाशी में मिले कागजात व दस्तावेज की जांच की जा रही है। अग्रवाल, उसकी पत्नी, पुत्र, पुत्री, मां व अन्य लोगों के नाम की अलग-अलग बैंकों की 16 पासबुकें मिली थीं, जिनमें 26 लाख रुपए जमा व 11 लाख रुपए पी.पी.एफ में हैं। पासबुकों के बारे में बैंकों से स्टेटमेंट मांगा गया है। इसके अलावा अग्रवाल की पत्नी के नाम मिले तीन बैंक लॉकरों को सील कर दिया गया है, जिन्हें बुधवार को खोले जाने की संभावना है।
जांच में सामने आया है कि अग्रवाल व उनके परिजनों सहित अन्य लोगों के नाम से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में खरीदे गए करीब 30 प्लॉटों के कागजात की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि अग्रवाल के निवास पर सोमवार को तलाशी के दौरान 59 लाख 42 हजार 887 रुपए नकद, एक किलो सोने व 6 किलो चांदी के जेवर मिले थे। एसीबी ने अग्रवाल को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी की जमानत नामंजूर करके उसे जेल भेज दिया। अब एसीबी जलदाय विभाग को आरोपी के बारे में अपनी रिपोर्ट भेजेगी, जिसके बाद विभाग कार्रवाई करेगा।