|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur भिलाई. दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों कांग्रेस और भाजपा ने विधानसभा चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ काम करने वाले कार्यकर्ताओं की खबर लेना शुरू कर दिया है। भाजपा ने तो कड़े तेवर दिखाते हुए आज वैशाली नगर के भितरघातियों की पहली सूची भी जारी कर दी। फिलहाल सात लोगों को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
इनमें पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अरविंद जैन, सुपेला मंडल के अध्यक्ष रामानंद मौर्य, उपाध्यक्ष शिवकांत सिंह सेंगर, प्रदेश भाजयुमो के आमंत्रित सदस्य महेश वर्मा, ऐल्डरमैन लता यादव, भाजयुमो की जिला मंत्री मंजू सूर्यवंशी और कैंप मंडल के प्रवक्ता उमेश पटेल शामिल हैं। भाजपा के जिलाध्यक्ष रामआसरे दुबे ने कहा है कि पार्टी अनुशासन को ठेंगा दिखाने वाले और लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
टाउनशिप में लंबी सूची
पार्टी सूत्रों के मुताबिक भिलाई विधानसभा क्षेत्र में भितरघातियों की लंबी सूची बन रही है। यहां पार्टी अनुशासन के भय से भले ही खुलकर बगावत नहीं किए हों लेकिन भीतर ही भीतर विरोधी दल के प्रत्याशी की मदद करने वालों के कारण पार्टी प्रत्याशी को खासे मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। ऐसे लोगों पर चुनाव के समय से ही नजर रखी जा रही थी। इनमें से अधिकतर कार्यकर्ता जिले के एक वरिष्ठ नेता के समर्थक माने जाते हैं। सूची में कुछ जिला पदाधिकारियों के अलावा पार्षदों के भी नाम हैं।
शिकायत का इंतजार
पार्टी को नुकसान पंहुचाने वालों की कांग्रेस में भी कमी नहीं है। भिलाई और वैशाली नगर दोनों सीटों में पार्टी प्रत्याशियों को अपने ही लोगों से निपटना पड़ा है।
भिलाई से कुछ लोगों की सूची बना ली गई जिसमें जिला संगठन के तीन बड़े पदाधिकारी, दो ब्लाक अध्यक्ष, तीन पार्षद और एक पूर्व पार्षद के नाम शामिल बताए जाते हैं। जिला कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता तुलसी साहू ने कहा है कि अभी तक किसी भी प्रत्याशी ने लिखित में कोई शिकायत नहीं की है। शिकायत मिलने पर निश्चित ही कार्रवाई की जाएगी। वैसे पार्टी को नुकसान पंहुचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
मैं शिकायत क्यों करूं
भिलाई विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी बदरूद्दीन कुरैशी ने कहा है कि कौन किसके खिलाफ काम कर रहा था, वरिष्ठ लोगें को सब मालूम है। यह बताने की जरूरत नहीं है। इसके बाद भी आंख मूंद लेते हैं तो पार्टी जाने। मैं क्यों किसी के खिलाफ शिकायत करूं।