|
मुंबई.
पाकिस्तान से आए आतंकियों ने मुंबई की शान होटल ताजमहल को जो नुकसान पहुंचाया है, उसकी भरपाई करना मुश्किल हो गया है। इस होटल के निर्माण के समय दुनिया भर से नायाब वस्तुएं मंगवाई गई थीं, जो इस आतंकी हमले में नष्ट हो गई हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इस होटल को करीब 1550 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। इसमें एक हजार करोड़ रुपए कीमत की पेंटिंग्स, कलात्मक वस्तुएं, फर्नीचर, एंटीक वस्तुएं आदि खराब हो गई हैं।
होटल की इमारत को हुए नुकसान की भरपाई के लिए 500 करोड़ रुपए और ताजमहल के खास रेस्टारेंट्स को सुधारने के लिए 50 करोड़ रुपए की जरूरत महसूस की गई है। होटल इंडस्ट्री के जानकार बताते हैं कि ताजमहल के भीतर वाले जापानी रेस्टोरेंट वासाबी को बनाने के लिए करीब पांच करोड़ रुपए लग जाएंगे। इधर, टाटा समूह के प्रमुख रतन टाटा ने कहा है कि वे ताजमहल होटल को पहले से भी बेहतर बनाकर दिखाएंगे।
अब वैसे कारीगर ही नहीं रहे
वास्तुकला की विशेषज्ञ आभा नारायण लांबा ने बताया कि ताजमहल के भीतर और बाहर हुई टूट-फूट को ठीक करने वाले कारीगर अब उपलब्ध नहीं हैं। खास तरीके की लकड़ी से बनाई गई खूबसूरत बालकनी, परंपरागत महाराष्ट्रियन संस्कृति वाले गलियारे आदि को फिर से बना पाना बहुत मुश्किल होगा। होटल के भीतर हर गलियारा एक कलात्मक गैलरी की तरह था।
शामियाना रेस्टारेंट के लिए मशहूर डिजाइनर अबू जानी और संदीप खोसला ने टेक्सटाइल फ्रैबिक्स का इस्तेमाल कर उसे भव्य बनाया था। इस रेस्टोरेंट की खूबसूरती बढ़ाने के लिए होटल ने नीलामी से कई चीजें खरीदीं थीं। इसके अलावा दुनिया भर से संग्रह कर बनाए गए इस होटल में कई ऐसी चीजें हैं, जिन्हें उसी रूप में दोबारा नहीं बनाया जा सकेगा। हालांकि, ताजमहल होटल का पूरी तरह बीमा किया गया था। इसके तहत टूट-फूट के अलावा होटल के बिजनेस पर पड़े प्रभाव का भी दावा किया जा सकता है।
वह आसमान कहां होगा
धूल-धुएं और आग की लपटों के शिकार हुए जोडिक ग्रिल रेस्टोरेंट के बारे में जानकारों का मानना है कि इसके गुंबदों की रौनक लौटना नामुमकिन है। इनसे जादुई आसमान का भ्रम होता था। कला तकनीक का इस्तेमाल कर पेंटर्स ने इसे बहुत मेहनत से तैयार किया था। रेस्टोरेंट में बेशकीमती क्राकरी थी, शराब के एक गिलास की कीमत हजारों में बताती जाती है, यह सब तो वापस आ सकता है, लेकिन कमरों और छतों की मरम्मत में काफी समय लगेगा। हैरिटेज होटल होने के कारण नियमानुसार बाहरी स्वरूप में बदलाव नहीं हो सकता, लेकिन अंदर प्रबंधन अपनी सुविधानुसार मरम्मत व बदलाव करा सकता है।
बेहतरीन होटलों में शुमार ताज को हुए नुकसान की भरपाई मुश्किल
मरम्मत में लगेंगे 500 करोड़
1000 करोड़ की कलात्मक और कीमती वस्तुएं नष्ट हुईं
रेस्टारेंट की मरम्मत में 50 करोड़
600 कमरे वाले होटल में कुल कमरे 520 जो प्रभावित हुए
14 ताज कर्मियों की मौत