|
Business
Dalal Street Dalal Street मुंबई. भारतीय शेयर बाजार लगातार दो दिन की गिरावट के बाद बुधवार को भारी उतार चढ़ाव भरे कारोबारी सत्र से गुजरे और मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 100 अंकों की बढ़त से खुला। लेकिन, विदेशी बाजारों की अस्थिरता के कारण बाजार में उतार चढ़ाव बना रहा।
300 अंकों के दायरे में घूमने के बाद वह 8.19 अंक यानि करीब 0.09 फीसदी की बढ़त लेकर 8747.43 पर बंद हुआ। एक समय बीएसई का सेंसेक्स 127 से ज्यादा अंक गिरकर 8,601.41 और 115 से ज्यादा अंक उठकर 8,854.81 के स्तर पर पहुंच गया था।
वहीं, निफ्टी 80 अंकों के दायरे में ऊपर नीचे होने के बाद 1.35 अंक यानि लगभग 0.05 फीसदी गिरावट के साथ 2656.45 पर बंद हुआ। निफ्टी ने 35 अंक की बढ़त लेकर 2,693.65 का ऊपरी स्तर छुआ, वहीं 45 अंक गिरावट के साथ 2611.95 अंक तक पहुंचा।
ज्यादातर इंडेक्स ऊपर रहे : धातु, रिअल्टी, बैंकिंग और उपभोक्ता सामग्री के इंडेक्स बढ़त में रहे जबकि आईटी, तेल एवं गैस और हेल्थकेयर इंडेक्स पर बिकवाली का दबाव रहा।
इंडेक्स -------- बढ़त
धातु -------- 3.39
रिअल्टी ------ 3.34
उपभोक्ता ----- 2.70
बैंकिंग ------ 2.50
आईटी ---- -3.08
ऑटो पर दबाव कुछ कम : ऑटो क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में बिकवाली का दबाव कुछ कम हुआ है। दो दिन की भारी गिरावट के बाद यह 0.85 फीसदी बढ़त लेकर बंद हुआ।
1431 शेयरों में रही बढ़त : व्यापक तौर पर निचले स्तरों पर खरीदी रही। 1431 शेयर बढ़त पर रहे वहीं 1324 शेयरों के भाव कम हुए।
विदेशी बाजारों में मिलाजुला रुझान
एशियाई बाजारों में शंघाई में 4.01 फीसदी की उछाल दर्ज की गई।
हेंगसेंग 1.36 और निक्केइ 1.79 फीसदी ऊपर रहा। जकार्ता और स्ट्रेट्स टाइम्स में मामूली बढ़त रही। ताइवान और कोस्पी में हलकी गिरावट रही।
उधर यूरोपीय बाजार कमजोर खुले वहीं डाव जोन्स फ्यूचर्स और नास्डेक फ्यूचर्स में गिरावट रही। अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को अच्छी बढ़त देखी गई थी।
ऊपरी स्तरों पर प्रतिरोध और निचले स्तरों पर समर्थन मिलने से कुछ समय बाजार के इन स्तरों के बीच घूमने की संभावना है। सरकार की ओर से कुछ राहत के संकेत मिलने की उम्मीद में बाजार केइन स्तरों पर टिके रहने की संभावना है।
- अनिल खुराना, हैड इक्विटी, कालिंस स्टीवर्ट