|
लाहौर. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड तेज गेंदबाज सोहैल तनवीर द्वारा इस्लामाबाद में अपने घर आयोजित अनधिकृत संवाददाता सम्मेलन को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के बारे में सोच रहा है।
तनवीर ने इस संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि भारतीय टीम को जनवरी में पाकिस्तान का दौरा करना चाहिए और उसे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताएं पूरी करनी चाहिए। मुंबई में हुए आतंकी हमलों के दौरान ताज होटल में ही ठहरे तनवीर ने कहा कि अभी तक किसी भी आतंकवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन भारतीय मीडिया इसमें पाकिस्तान के हाथ होने बात कह रहा है। उन्होंने कहा‘ इससे साफ पता चलता है कि भारतीय मीडिया पक्षपात कर रहा है।’
तनवीर ने कहा‘हम ताज होटल में हुए इस हमले से भयभीत थे। हम सभी वहीं ठहरे थे। हर कोई डरा हुआ था और जल्दी से जल्दी हम होटल से बाहर निकलने की सोच रहे थे।’उन्होंने कहा कि खेल को दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने के तौर पर बढ़ावा देना चाहिए।उन्होंने भारत से आग्रह किया कि उसे पाकिस्तान दौरा रद्द नहीं करना चाहिए। तनवीर ने कहा‘खेल दोनों देशों की जनता में तालमेल और आपसी समझ बढ़ाने का काम करता है।’
बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने पीसीबी को सूचित किए बिना अपने घर पर संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया था। बोर्ड को तनवीर की यह करतूत नागवार गुजरी है।पीसीबी के क्रिकेट संचालन के निदेशक जाकिर खान ने कहा कि बोर्ड को तनवीर के संवाददाता सम्मेलन की कोई जानकारी नहीं थी और अब बोर्ड तनवीर के खिलाफ कार्रवाई करने की सोच रहा है।
खान ने कहा‘यह पूरी तरह तनवीर के अपने विचार हैं और उन्हें बिना बोर्ड की अनुमति के मीडिया से बात नहीं करना चाहिए था।’उन्होंने कहा कि किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी को बोर्ड की अनुमति के बिना मीडिया से बात करने की इजाजत नहीं है। अब बोर्ड तनवीर से नियमों के उल्लंघन के बारे में जवाब तलब करेगा। उधर बोर्ड के अन्य अधिकारी साफ तौर पर कह रहें हैं कि तनवीर ने बोर्ड के नियमों को तोड़ा है और बोर्ड निश्चित तौर पर उनके खिलाफ कार्रवाई करेगा।