Breaking News 
bhaskar Web English


HomeSportsCricket Cricket

सुरक्षा इंतजामों से डिकसन संतुष्ट

चेन्नई. मुंबई में आतंकी हमले के बाद स्वदेश लौट चुकी इंग्लिश क्रिकेट टीम का टेस्ट सीरीज खेलने के लिए भारत आना तय नजर आ रहा है। इस संबंध में इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) को सुरक्षा सलाहकार रेग डिकसन की रिपोर्ट का इंतजार है, जिन्होंने बुधवार को चेन्नई की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डिकसन ने यहां एमए. चिदंबरम स्टेडियम का मुआयना करने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को संतोषजनक बताया। डिकसन बुधवार को सुबह 8.10 बजे चेन्नई पहुंचे और यहां पहुंचने के लगभग एक घंटे बाद बीसीसीआई के सचिव एन. श्रीनिवासन से मुलाकात की।

इसके बाद वे दोनों पुलिस कमिश्नर के. राधाकृष्णन के कार्यालय पहुंचे, जहां तीनों के बीच लगभग 45 मिनट चर्चा हुई। इसके बाद डिकसन, श्रीनिवासन और राधाकृष्णन एमए. चिदंबरम स्टेडियम पहुंचे, जहां इंग्लैंड और भारत के बीच पहला टेस्ट मैच प्रस्तावित है।

इस बीच डिकसन ने कहा कि हम सुरक्षा के कुछ मुद्दों को लेकर चिंतित थे लेकिन बातचीत में उन शंकाओं को दूर कर लिया गया है।

ड्रेसिंग रूम का भी मुआयना किया

स्टेडियम पहुंचने के बाद डिकसन ने वहां ड्रेसिंग रूम और खिलाड़ियों के बैठने के संभावित इलाकों का गंभीरता से मुआयना किया। उन्होंने सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर राधाकृष्णन से लंबी बातचीत के दौरान यहां की व्यवस्था से संतोष जताया। डिकसन चेन्नई के बाद मोहाली के पंजाब क्रिकेट स्टेडियम का मुआयना करेंगे और दोनों जगह की रिपोर्ट ईसीबी को देंगे।

संगीनों के साए में रहेगी इंग्लिश टीम

पुलिस कमिश्नर के अनुसार, इंग्लैंड की टीम की सुरक्षा चिंताओं को दूर करने के लिए ‘सेंट्रल एक्सेज कंट्रोल सिस्टम’ शुरू किया जाएगा। सुरक्षाकर्मी मेहमान खिलाड़ियों के यहां पहुंचते ही उन्हें सुरक्षा घेरे में ले लेंगे। मेहमानों को होटल से बाहर निकलने की इजाजत नहीं होगी।

8 को मोहाली आएंगे डिकसन

चंडीगढ़. इंग्लैंड दौरे के मद्देनजर सुरक्षा व्वयस्था का जायजा लेने ईसीबी के सुरक्षा सलाहकार रेग डिकसन 8 दिसंबर को पीसीए मोहाली स्टेडियम पहुंच रहे हैं। पीसीए के सचिव एम.पी पांडव ने बताया कि डिकसन 8 को मोहाली आएंगे और 9 दिसंबर को सुरक्षा के मसले पर उनके साथ मीटिंग भी होगी। इसी बीच बुधवार को यह भी खबरे उड़ती रहीं कि डिकसन वीरवार को मोहाली आ रहे हैं लेकिन पांडव ने साफ किया कि डिकसन 8 को ही आएंगे।

इससे पहले उनके मोहाली आने का कोई प्रोग्राम नहीं है। गौरतलब है कि मोहाली में 19 से 24 दिसंबर को दूसरे टेस्ट होना है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: