|
चेन्नई. इंग्लैंड के भारत दौरे पर छाए संदेह के बादलों के छंटने के बाद कृष्णामचारी श्रीकांत के नेतृत्व वाली चयन समिति वीरवार को 2 टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन करेगी। पहला टेस्ट चेन्नई में 11 दिसंबर से, जबकि दूसरे टेस्ट की शुरुआत 19 दिसंबर से मोहाली में होना प्रस्तावित है। चयनकर्ता जब टीम का चयन करने बैठेंगे तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यादगार घरेलू सीरीज के बाद पूर्व कप्तानों सौरव गांगुली और अनिल कुंबले के संन्यास से बने खालीपन को भरना उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी।
अमित मिश्रा ने हालांकि स्पिन विभाग में आए खालीपन को लगभग भर दिया है, लेकिन मध्यक्रम में गांगुली की जगह किसी भी खिलाड़ी का चयन तय नहीं माना जा रहा है। एस बद्रीनाथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले 2 टेस्ट में भारतीय टीम में शामिल थे, लेकिन तमिलनाडु के बल्लेबाज को अपने करिअर का पहला टेस्ट मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
मुश्किल में पड़ा भारतीय क्रिकेट
नई दिल्ली मुंबई पर पिछले हफ्ते हुए आतंकी हमले ने भारतीय क्रिकेट के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। इस हमले का पहला शिकार भारत-इंग्लैंड वनडे सीरीज हुई। इस सीरीज के आखिरी दो वनडे रद्द कर दिए गए। इसके बाद बुधवार से शुरू होने वाली ६क् लाख डॉलर की ट्वेंटी-20 चैंपियंस लीग को अगले वर्ष के लिए स्थगित कर दिया गया। भारतीय टीम का अगले वर्ष शुरू में होने वाला पाकिस्तान दौरा भी रद्द होने के कगार पर पहुंच गया है।
आखिरी दो वनडे रद्द कर स्वदेश लौट गई इंग्लैंड की टीम के ११ दिसंबर से दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारत लौटने की संभावना है। लेकिन जब तक इंग्लिश टीम दोबारा भारत नहीं पहुंच जाती है, तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता है। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से दोनों टेस्ट के मैच स्थल बदल दिए हैं। उसने ऐसा इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के आग्रह पर किया है।
ऐसी संभावना है कि भारत अगले वर्ष के शुरू में पाकिस्तान का दौरा रद्द कर सकता है। अगर ऐसा होता है तो भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ढाई महीने का शून्य आ सकता है। भारत को 6 जनवरी से 19 फरवरी के बीच पाक दौरे में 3 टेस्ट, 5 वनडे और 1 ट्वेंटी-२क् अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेलना है।
भारत को इसके बाद मार्च के शुरू में न्यूजीलैंड के दौरे पर जाना है, जहां उसे 1 ट्वेंंटी- 20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेलने हैं।
चैंपियंस लीग के लिए नहीं मिल रही डेट्स : 3 दिसंबर से शुरू होने वाली जिस ट्वेंटी- २क् चैपियंस लीग को स्थगित किया गया है, उसे अगले वर्ष के शुरू में कराने की योजना है। अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को देखते हुए 2009 के शुरू में इसका आयोजन मुश्किल लगता है।
दूसरी ओर, यदि भारत पाकिस्तान का दौरा रद्द करता है, तो पाकिस्तान की ‘सियालकोट स्टालियंस टीम’ चैंपियंस लीग में खेलने से इंकार कर सकती है। निश्चित तौर पर मुंबई पर आतंकी हमलों का भारतीय क्रिकेट पर बुरा असर पड़ा है। अब तक ऐसा कभी नहीं हुआ था कि आतंकी हमलों के कारण देश में कोई दौरा बीच में ही रद्द करना पड़ा हो।
बीसीसीआई पूरी कोशिश में है कि यदि इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के लिए भारत दौरे पर आए, जिससे दूसरे देशों का भारत की सुरक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल हो सके। 2005 में लंदन विस्फोट के बावजूद ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज का आयोजन हुआ था। ऐसे में भारत भी चाहेगा कि इंग्लैंड की टीम टेस्ट दौरे के लिए लौटे।