नई दिल्ली. आतंकियों के जमीन और समुद्र से हमलों को रोक पाने में नाकामी के बीच अब रक्षामंत्री एके एंटोनी ने आतंकी हवाई हमलों की आशंका जताई है। उन्होंने सेना से इस खतरे से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा है। इस बीच टीवी चैनलों के अनुसार सिविल एविऐशन ब्यूरो ने दिल्ली, चेन्नई और बंगलुरू एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
एंटोनी ने खुफिया सूचनाओं के आधार पर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करने और इन सूचनाओं को कार्रवाई लायक बनाने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर भी जोर दिया। उनका स्पष्ट संकेत खुफिया एजेंसियों व सेना के अंगों की ओर था।
बुधवार को एंटोनी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के प्रमुख एडमिरल सुरीश मेहता, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल फली होमी मेजर और थलसेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर व रक्षा सचिव विजय सिंह भी मौजूद थे।