|
लुधिायाना लुधियाना सेंट्रल जेल प्रबंधन की ओर से की गई सख्ती के बावजूद विचाराधीन कैदी अंदर मोबाइल फोन ले जाने में कामयाब रहा और इसी मोबाइल के माध्यम से बाहर मौजूद अपने साथियों के साथ मिलकर जेल से भागने की योजना बनाता रहा। समय रहते उक्त कैदी की गतिविधियां जेल अफसरों की निगाह में आ गईं।
गंभीरता से की गई छानबीन में जेल में ही छिपाया गया मोबाइल फोन भी बरामद हो गया। लुधियाना सेंट्रल जेल के सुपरिटेंडेंट कुलदीप सिंह ने थाना डिवीजन नंबर सात में कैदी के खिलाफ मोबाइल रखने और जेल से फरार होने की योजना बनाने के आरोप में मामला दर्ज कराया है।
कैदी से मोबाइल बरामदगी के बाद जेल प्रबंधन व पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकलवनी शुरू कर दी है। साथ ही यह भी रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिया है कि इन दिनों उससे मुलाकात करने कौन-कौन लोग आए थे।
नशा तस्करी का है आरोप
कुलवंत सिंह नशीले पदार्थो की तस्करी के आरोप में लुधियाना सेंट्रल जेल में विचाराधीन है। जेल सुपरिंटेंडेट कुलदीप सिंह के अनुसार आरोपी की गतिविधियों पर उन्हें शक हुआ। छानबीन में पता चला कि आरोपी जेल से फरार होने की कोशिश कर रहा है और यह सारी योजना वह मोबाइल पर बना रहा है।
संदिग्ध कैदियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए जेल की सभी 19 बैरकों में कैदियों की कमेटियों के गठन का काम मुकम्मल हो गया है। अच्छे चाल-चलन वाले कैदी अन्य पर नजर रखेंगे। इससे कैदियों की ओर से छिपाकर लाए गए मोबाइल फोन व नशीले पदार्थ बरामद करने में मदद मिलेगी।
- कुलदीप सिंह, सुपरिंटेंडेंट, लुधियाना सेंट्रल जेल।