|
मेलबोर्न.
विकेट पर अंगद की तरह पांव जमाकर खेलने वाले दीवार के नाम से विख्यात बेजोड़ भारतीय बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के मामले में ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न की राय है कि उन्हें दीवार के बजाय किला कहना चाहिए।
वार्न ने हाल में प्रकाशित अपनी किताब शेन वार्न्स सैंचुरी में कई खिलाड़ियों के बारे में अलग-अलग टिप्पणियां की हैं। उन्होंने कुछ जगहों पर हलका अंदाज भी अपनाया है लेकिन द्रविड़ की बल्लेबाजी से वे इतने प्रभावित हैं कि उन्हें लगता है कि जब यह भारतीय बल्लेबाज क्रीज पर पांव जमा लेता है तो उसे आउट करने के लिए चारों ओर से वार करना पड़ते हैं।
उन्होंने लिखा भारतीय लोग अपने क्रिकेट नायकों को निकनेम देना पसंद करते हैं। इसी तरह से राहुल द्रविड़ को दीवार (द वॉल) कहा जाता है लेकिन मुझे लगता है कि उन्हें किला कहा जाना चाहिए। क्योंकि एक बार जब वे क्रीज पर पांव जमा लेते हैं तो आप चारों तरफ से एक साथ हमला बोलकर ही उन्हें आउट कर सकते हैं।
वार्न ने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक की बल्लेबाजी और व्यवहार दोनों की तारीफ की है लेकिन उनका परिचय उन्होंने दिलचस्प अंदाज में दिया है।
यह पूर्व लेग स्पिनर लिखता है इंजमाम इतना भीमकाय व्यक्ति है कि बल्ला भी उनके सामने टूथपिक जैसा लगता है। जब वे क्रीज पर होते हैं तो यदि आपको उनके पीछे स्टंप दिख जाते हैं तो वे बहुत छोटे दिखते हैं।
वार्न ने इंजमाम के बारे में आगे लिखा पहली बार देखकर कोई भी उन्हें नकार देगा लेकिन जल्द ही मान लेगा कि वास्तव में वे भ्रम में थे। वे दुनिया के बेहतरीन बल्लेबाजों में एक हैं और उन्हें अपने विशाल शरीर से कोई परेशानी नहीं होती है।
वार्न के अनुसार इंजमाम स्लिप के बहुत अच्छे क्षेत्ररक्षक हैं। कवर से लेकर लांग ऑन में क्षेत्ररक्षण करना उन्हें पसंद न हो लेकिन जब वे वहां पर होते हैं तो उनके थ्रो राकेट की तरह पहुंचते हैं। खेल से इतर वे बहुत सहज व्यक्ति हैं जिनसे आप आसानी से मिल सकते हैं। वार्न ने अपने पूर्व कप्तानों मार्क टेलर और स्टीव वॉ के बारे में भी मजाकिया अंदाज में लिखा, मार्क टेलर को लेकर कुछ भी फैन्सी नहीं है।
वे कुशल नेतृत्वकर्ता थे लेकिन उनकी सबसे बड़ी कमजोरी कपड़े पहनने का सलीका था। वे जिस तरह की कमीज पहनते थे वे भयावह होती थी हालांकि स्टीव वॉ इस मामले में इनसे भी खराब थे। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ब्रायन लारा के बारे में वार्न ने लिखा वे मूडी खिलाड़ी है। सचिन तेंडुलकर निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाला खिलाड़ी है लेकिन लारा मूडी खिलाड़ी है। आप चाहे उन्हें चाहों या घृणा करो लारा एक ऐसा खिलाड़ी है जो तुरंत आपका ध्यान खींच लेगा। जब वे लय में होते थे तो उन्हें देखने का मजा ही कुछ और था।