|
News
Metros
Chandigarh Chandigarh राजधानी हरियाणा. पिछले कई बरसों से आईएएस बनने की बाट जोह रहे कई एचसीएस अधिकारियों के लिए अच्छी खबर है। एचसीएस से आईएएस बनाने के लिए विभागीय पदोन्नति समिति-डीपीसी की मीटिंग छह साल बाद 11 दिसंबर को नई दिल्ली में होने जा रही है। इस मीटिंग में आईएएस के 12 खाली पद भरे जाने के लिए नाम तय होने हैं।
हरियाणा में हुड्डा सरकार आने के बाद एचसीएस से आईएएस बनाने के लिए डीपीसी की यह पहली मीटिंग है। इससे पहले डीपीसी की आखिरी मीटिंग 2002 में चौटाला सरकार में हुई थी। छह सालों से डीपीसी की मीटिंग न होने की एक बड़ी वजह यह भी था कि यह मामला अदालती लड़ाई में फंसा हुआ था।
डीपीसी की एक मीटिंग 12 दिसंबर को भी हो रही है। इस मीटिंग में नॉन एचसीएस से एक आईएएस बनाने के लिए नाम तय होना है। ये दोनों ही मीटिंग्स इस मायने में भी खास हैं कि आईएएस के दावेदार कई अधिकारियों की नौकरी से रिटायरमेंट में ज्यादा समय नहीं बचा है। डीपीसी की दोनों मीटिंग्स की यूपीएससी के अध्यक्ष या सदस्य अध्यक्षता करेंगे। इसमें हरियाणा के मुख्य सचिव धर्मवीर, राजस्व विभाग की वित्तायुक्त व प्रधान सचिव फिरोजा मेहरोत्रा, केंद्र सरकार के कार्मिक मंत्रालय के अधिकारी, राजनीतिक व सेवाएं विभाग के विशेष सचिव पी.राघवेंद्र राव भाग लेंगे।
आईएएस के लिए दावेदर अधिकारियों की सीनियोरटी और मैरिट पर डीपीसी मीटिंग में विचार होगा। आईएएस बनने के चाहवान कई अधिकारी अपनी लंबित पड़ी एसीआर लिखवाने के लिए सीनियर अधिकारियों के यहां चक्कर भी काट रहे थे।
हरियाणा ने यूपीएससी को भेजे नाम
एचसीएस कोटे से आईएएस के लिए 2002 के लिए पांच, 2004 के लिए एक, 2007 के लिए दो और वर्ष 2008 के लिए चार पद भरे जाने हैं। पद भरने को हरियाणा सरकार ने यूपीएससी को अफसरों के नाम भेज दिए हैं। यूपीएससी को भेजे गए एचसीएस अफसरों के नामों में रिसाल सिंह खारा, युद्ववीर ख्यालिया, प्रदीप कासनी, महाराज कृष्ण महाजन, बलबीर सिंह, लाजवीर सिंह, रमेश कृष्ण, सुरजीत सिंह, प्रवीन कुमार, अभय सिंह यादव, मोहनलाल कौशिक, रोहताश सिंह खरब, रमेशचंद वर्मा, राजेंदर कुमार चौधरी, देवेश्वर दयाल थरेजा, अशोक कुमार बिश्नोई, वजीर सिंह गोयत, विकास यादव, नरेंद्र कुमार सिंगला, बलराज सिंह, अशोक सांगवान, नरेंद्र सिंह, विनय सिंह, चंद्रशेखर, रेण फूलिया, संजय जून, विवेक अत्री, संजीव वर्मा, जगदीप सिंह, अनिता यादव आदि हैं। नॉन एचसीएस से आईएएस कोटे के एक पद के लिए आबकारी व कराधान विभाग से तीन नाम भेजे गए हैं। इनमें बलवान सिंह सरोह, एन.के.सोलंकी और ईश्वर सांगवान हैं।
हमारे पास आईएएस अधिकारियों की किल्लत है। उम्मीद है कि डीपीसी के बाद जल्द ही आईएएस अफसर राज्य को मिलेंगे और यह कमी दूर हो सकेगी।
—धर्मवीर, मुख्य सचिव, हरियाणा।