|
भोपाल. हवाई जहाज से यात्रा करने वालों के लिए जेट की घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकट खरीदना आसान नहीं रहेगा। वजह है कि ट्रेवल एजेंट्स की देशभर में संचालित पांच एसोसिएशन ने गुरुवार से जेट के टिकट बुक करने से बेमियादी बहिष्कार करने का फैसला ले लिया है।
उक्त कदम गत 27 तारीख को हुए उस निर्णय के विरोध में उठाया गया है, जिसके तहत ट्रेवल एजेंट्स को बुकिंग के एवज में दी जा रही ट्रांजेक्शन फीस की सुविधा वापस ले ली गई। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के मप्र चेप्टर के संस्थापक अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ने बताया कि सभी पांच एसोसिएशन का मानना है कि एजेंट्स का कमीशन जीरो करने की कवायद तथा ट्रांजेक्शन फीस वापस लेने का निर्णय जेट के प्रभाव में आकर लिया गया है। क्योंकि विमानन उद्योग में इस एयरलाइंस का खासा निवेश है।
इसके खिलाफ फैसला किया गया है कि आगामी घोषणा तक कोई भी एजेंट जेट की टिकट की बुकिंग नहीं करेगा। श्री शर्मा का कहना था कि जेट की दखलअंदाजी के चलते आलम यह है कि एजेंट्स को टिकट बुक कराने पर मिलने वाला सारा लाभ समाप्त हो गया है। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की मप्र तथा छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष सुनील नोतानी ने बताया कि बहिष्कार का यह निर्णय जेटलाइट (पूर्व नाम सहारा) पर भी लागू होगा।
यात्री को जो परेशानी होगी
>> ट्रेवल एजेंट चेक या क्रेडिट कार्ड के जरिये भी टिकट बुक करा देते हैं, लेकिन अब टिकट जेट के अधिकृत काउंटर से नगद ही लेना होगा। यदि ई-टिकट लेना हो तो जेट की साइट पर ही जाकर उसकी बुकिंग करानी होगी। यात्रा कार्यक्रम में किसी संशोधन के लिए भी यात्री को स्वयं ही साइट का सहारा लेना होगा।
>> एजेंट ई-मेल या एसएमएस के जरिये भी टिकट का नंबर दे देते हैं। इसके बाद यात्री एयरपोर्ट पर पहचान का प्रमाण देकर यात्रा कर सकता है। अब ऐसा नहीं हो सकेगा।
>> फोन पर टिकट बुकिंग की सुविधा खत्म।
>> अधिकतर कंपनी के काउंटर शाम साढ़े पांच बजे बंद हो जाते हैं, जबकि एजेंट से किसी भी समय टिकट बुक करने के लिए कहा जा सकता है।
ये एसोसिएशन शामिल हैं बहिष्कार में
>> ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया
>> ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया
>> इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स
>> एसोसिएशन ऑफ डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ इंडिया ठ्ठ आईटीए एजेंट्स एसोसिएशन
(जेट का बहिष्कार करने वालों के अनुसार देश के शत-प्रतिशत ट्रेवल एजेंट उक्त में से किसी न किसी एसोसिएशन से जुड़े हैं)