|
भोपाल. राष्ट्रीय फैशन तकनीक संस्थान में स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में अगले सत्र में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा आठ फरवरी 09 को आयोजित की जा रही है। भोपाल सहित देश के 29 शहरों में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन पत्र मिलना शुरू हो गए हैं, 31 दिसंबर तक आवेदन फार्म लिए जा सकते हैं।
निफ्ट की प्रवेश परीक्षा के फार्म चुनिंदा शहरों में एक्सिस बैंक की शाखाओं पर उपलब्ध कराए गए हैं। फार्म जमा करने की अंतिम तिथि सात जनवरी तय की गई है। निफ्ट प्रबंधन ने सभी परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र भेजने के लिए 31 जनवरी तक का लक्ष्य तय किया है।
इस परीक्षा के माध्यम से देश भर के 12 निफ्ट संस्थानों में बीएफ टेक के सात पाठ्यक्रमों की 1410 सीटों और पीजी के तीन पाठ्यक्रमों में 420 सीटों के लिए प्रवेश दिए जाएंगे। देश के निफ्ट संस्थानों में इस समय स्नातक के डिजाइन पाठ्यक्रमों में फैशन, लैदर, एसेसरीज, टेक्सटाइल, निट वियर, कम्युनिकेशन और अपारेल प्रोडक्शन पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, वहीं पीजी में मास्टर्स डिजाइन, मास्टर्स फैशन मैनेजमेंट और मास्टर्स फैशन टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।