|
भोपाल. कोलार स्थित फिल्ट्रेशन प्लांट पर बिजली का एबी स्विच लगाने के लिए गुरुवार की सुबह साढ़े नौ से शाम पांच बजे तक प्लांट बंद किया जाएगा। इसलिए गुरुवार को उन इलाकों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो सकेगी, जहां साढ़े नौ बजे के बाद पानी दिया जाता है। इस तरह शुक्रवार को भी सुबह पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से प्रभावित रहेगी। इस दौरान नगर निगम नलकूपों और टैंकरों से प्रभावित इलाकों में पेयजल की आपूर्ति करेगा।
एक दिन छोड़कर की जा रही पानी की आपूर्ति के तहत जिन इलाकों में गुरुवार की सुबह साढ़े नौ बजे के बाद पानी की आपूर्ति की जाती है, उनमें अशोका गार्डन और उसके आसपास का इलाका तथा एमएनआईटी के आसपास का आधा इलाका शामिल है।
इन क्षेत्रों में अब शनिवार को पानी दिया जाएगा। गुरुवार की शाम तक प्लांट बंद रहने की वजह से शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली टंकियां नहीं भर सकेंगी, इसलिए शुक्रवार को भी पानी की आपूर्ति नहीं हो सकेगी। निगम ने इन इलाकों में वैकल्पिक तौर पर उसके पास उपलब्ध पानी के 34 टैंकरों व प्रभावित इलाकों में मौजूद नलकूपों से जलापूर्ति करने का निर्णय लिया है। इस तरह शहर की पेयजल-व्यवस्था शनिवार से सामान्य हो सकेगी।
इन क्षेत्रों में नहीं आएगा पानी
न्यू सुभाष नगर, अशोक नगर, मुकद्दस नगर, अफजल कॉलोनी, मोमिनपुरा, आजाद नगर, पद्मनाभ नगर सी सेक्टर, इकबाल कॉलोनी, स्वदेश नगर, अशोक विहार, अशोका गार्डन, बैंक कॉलोनी, चांदबड़, काजी कैंप, लक्ष्मीपुरा, हिनौतिया, विजय नगर, बाग उमराव दूल्हा, महामाई का बाग, पुष्पानगर, ऐशबाग, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नारियलखेड़ा, जेपी नगर, टीलाजमालपुरा, वसुंधरा कॉलोनी, न्यू गांधी नगर, राजीव नगर, आरिफ नगर, शारदा नगर ए व बी ब्लॉक, इमामी गेट, पीरगेट, इकबाल मैदान, नूरमहल रोड, हवा महल रोड, शाहजहांनाबाद का कुछ क्षेत्र, लाला लाजपतराय कॉलोनी, बाग दिलकुशा, अंत्योदय नगर, पॉवर हाउस रोड, होली वाला मैदान, गरमगड्ढा रोड, जगन्नाथ कॉलोनी, बिस्मिल्ला कॉलोनी, भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल, फतेहगढ़, मोती मस्जिद, चौकी इमामबाड़ा, अरेरा कॉलोनी ई-4, 5, 6, बघीरा अर्पाटमेंट, 11 सौ क्वार्टर, जनता कॉलोनी, ईश्वर नगर, राहुल नगर, पत्रकार कॉलोनी, दुर्गा विहार, सहयाद्रि अपार्टमेंट, पीएंडटी कॉलोनी, एजी कॉलोनी, रेडियो कॉलोनी, नया बसेरा, नेहरू नगर तथा कोटरा।
टैंकर के लिए संपर्क
प्रभावित इलाकों में पानी टैंकरों के माध्यम से पहुंचाया जाएगा। प्रभावित इलाकों के निवासी टैंकर मंगवाने निगम के हाईड्रेंट व कॉल सेंटर के दूरभाष क्र. 2701000, 2701001, 2701002 तथा टोल फ्री नंबर 18002330014 पर संपर्क कर सकते हैं।
पहले चेत जाते तो संकट के चलते नहीं होती कटौती
कोलार स्थित फिल्ट्रेशन प्लांट पर विद्युत उपकरण एबी स्विच लगाने की जरूरत काफी दिनों से महसूस की जा रही थी। गत मई-जून में जब तालाब में पर्याप्त पानी था और शहर की 60 प्रतिशत आबादी को कोलार डेम से तथा 40 प्रतिशत को बड़े तालाब से पानी दिया जा रहा था।
तब भी कोलार प्लांट पर बिजली जाने से पंप बंद हो जाते थे और शहर को कृत्रिम पेयजल संकट का सामना करना पड़ता था। वजह यह है कि कोलार प्लांट पर पंप चलाने एमएनआईटी और मंडीदीप फीडर से बिजली की आपूर्ति की जाती है। जब एक फीडर से बिजली बंद होती है तो दूसरे फीडर से चेंज ओवर लेने पर प्लांट आधा घंटे के लिए बंद हो जाता है। एबी स्विच के जरिये प्लांट की विद्युत आपूर्ति एक ही समय में दोनों फीडर से उपलब्ध रहेगी। यदि गत मई-जून में ही स्विच लगा लिया जाता तो वर्तमान में पेयजल का कृत्रिम संकट नहीं झेलना पड़ता।
काम के साथ अवरोध
कोलार फिल्ट्रेशन प्लांट में एबी स्विच अगर गर्मी में ही लगा लिया जाता तो आज यह नौबत नहीं आती। दरअसल एमएनआईटी और मंडीदीप फीडर से कोलार प्लांट पर बिजली आपूर्ति की जाती है। जब एक फीडर से बिजली बंद होती है तो दूसरे फीडर से चेंज ओवर लेने पर प्लांट आधा घंटे के लिए बंद हो जाता है। एबी स्विच लग जाने के बाद प्लांट की बिजली आपूर्ति एक ही समय में दोनों फीडर से उपलब्ध रहेगी।
इस सब के बीच बुधवारा से मोती मस्जिद के बीच वाली सड़क पर आए दिन चक्काजाम जैसे हालात बन रहे हैं। इसकी वजह है इब्राहिमपुरा में पानी की टंकी को भरने पाइपलाइन बिछाने के लिए की जा रही खुदाई। 30 लाख लीटर पानी स्टोर कर सकने वाली यह टंकी श्यामला हिल्स स्थित फिल्ट्रेशन प्लांट से भरी जाएगी। श्यामला हिल्स से इब्राहिमपुरा तक पाइपलाइन बिछाने का काम लगभग 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है। दो-तीन माह में काम पूरा होने के बाद वार्ड क्रमांक 19 से 26 तक के लोगों को पानी की किल्लत से राहत मिलेगी।