|
जयपुर. मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राजीव अरोड़ा के समर्थन में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने बुधवार को बैठकें कीं। अरोड़ा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए उनका सपना एक आदर्श विधायक बनने का है। उसके बाद क्षेत्र को आदर्श क्षेत्र बनाने का। इस सपने को साकार करने के लिए वे हर वार्ड में समस्या निदान केंद्र बनाएंगे।
अरोड़ा ने कहा कि वे सभी समाजों के हितों के लिए तथा धार्मिक स्थलों के संरक्षण व विकास के लिए तत्पर रहेंगे। जैन समाज की बैठक में बड़ी संख्या में समाज के अग्रगण्य लोग मौजूद थे। इसके अलावा सिंधी, माली, खंडेलवाल, मीणा और बागड़ा समाज की बैठकों में भी लोगों ने मतदान अधिक से अधिक कराने का संकल्प जताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अगर समस्याएं हैं तो संभावनाएं भी बहुत हैं।
उनकी प्राथमिकता यहां के निवासियों को शुद्ध व अनवरत पेयजल उपलब्ध कराना, परिवार को सुरक्षा प्रदान करना तथा कच्ची बस्ती व थड़ी मार्केट का नियमन करना है। इसके अलावा रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरब्रिज बनवाने के प्रयास करना है। जयपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर का शॉपिंग डेस्टिनेशन बनाने के लिए राज्य के हस्तकला व जवाहरात उद्योग को बढ़ावा देना रहेगा। बुधवार को अरोड़ा ने बापू नगर सहित कई वार्डे की कॉलोनियों में लोगों से मुलाकात की।
अरोड़ा ने बुधवार सवेरे से ही लोगों से मिलने-मिलाने का सिलसिला शुरू कर दिया। शाम को बूथ कार्यकर्ताओं तथा पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में मतदान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की मर्यादा और आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए लोगों से अधिक से अधिक मतदान करवाने का आह्वान किया। दिनभर कार्यालय पर भीड़ : सुबह से ही अरोड़ा के कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की भीड़ रही। शाम को इतनी अधिक संख्या में कार्यकर्ता यहां पहुंच गए कि पांव रखने को जगह नहीं थी।