Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

जिद कीजिए वोट देने की

rameshदुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक ताकत अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए हाल में संपन्न हुए चुनावों की दो सबसे बड़ी विशेषताएं रही हैं। इन विशेषताओं ने न सिर्फ वहां के चुनाव को विशिष्ट बनाया, प्रजातांत्रिक संस्थाओं और उन्हें सुशोभित करने वाले व्यक्तियों के प्रति लोगों के विश्वास को भी दुनिया भर में मजबूत किया।

पहली विशेषता यह थी कि अपने सारे कामकाज छोड़कर अमेरिकी नागरिक मतदान केंद्रों के बाहर लंबी-लंबी कतारें बनाकर सुबह से ही एकत्र हो गए और बिना इस बात की चिंता किए कि उनका क्रम कब आएगा, मतदान करने के बाद ही अपने घरों को लौटे। दूसरी यह कि एक बड़ी संख्या में युवाओं ने चुनावों के प्रति अपनी उदासीनता को तोड़ते हुए पहले प्रचार में और फिर मतदान में हिस्सा लिया। यही कारण रहा कि अमेरिका में इस बार रेकार्ड मतदान और रेकार्ड जीत दर्ज हुई।

इस सच्चई को स्वीकार करने में कोई संकोच नहीं होना चाहिए कि एक आम भारतीय की जितनी रुचि अमेरिकी चुनावों में दिखाई पड़ती है उतनी जब हमारे यहां चुनाव होते हैं प्रदर्शित नहीं होती। हम अपने यहां होने वाले चुनावों के प्रति न सिर्फ ज्यादा उत्सुकता का भाव नहीं रखते, उनमें हमारी रुचि भी सतही और अखबारों में प्रकाशित होने वाले समाचारों तक ही सीमित होकर रह जाती है। चुनावों में मतदान के लिए अधिकृत कुल मतदाताओं की संख्या और पड़ने वाले कुल मतों के प्रतिशत इसके प्रमाण हैं। चुनावों के खत्म हो जाने के बाद चुने गए उम्मीदवारों, उनकी योग्यताओं और आचरण को लेकर आमतौर पर निराशाजनक प्रतिक्रियाएं ही सुनने व पढ़ने को प्राप्त होती हैं जो कि एक विकसित होती प्रजातांत्रिक व्यवस्था के लिए शुभ संकेत नहीं है।

दैनिक भास्कर समाचार पत्र समूह ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में अन्य कई योजनाओं के साथ यह दायित्व भी उठाया है कि मतदाताओं को अधिकाधिक संख्या में मतदान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उनसे निवेदन किया जाएगा कि उनका ऐसा करना इसलिए जरूरी है कि आने वाले पांच वष्रो के लिए उनका भाग्य, उनके क्षेत्र का विकास और उनके प्रदेश की तरक्की इन चुनावों के जरिए तय होने जा रही है। चुनाव तभी सकारात्मक परिणाम दे सकेंगे जब प्रत्येक मतदाता अपने अधिकार का उपयोग करने का संकल्प करेगा।

दैनिक भास्कर न सिर्फ आपके प्रदेश का एक प्रमुख अखबार है, वह जनता की आवाज और उसका प्रतिनिधि भी है। हरेक सुबह दैनिक भास्कर के पक्ष में पड़ने वाले आपके मत ने ही उसे विश्वसनीय और भरोसा करने वाले प्रतिनिधि के रूप में प्रतिष्ठित किया है। अत: भास्कर समूह का अध्यक्ष होने के नाते मेरी प्रदेश के हर नागरिक से अपील है कि जनतंत्र के एक महत्वपूर्ण पाये विधायिका को मजबूती प्रदान करने के लिए आज के दिन अपने सभी कामकाज छोड़कर मतदान केंद्र के बाहर खड़े हों और अपने वोट की ताकत का वैसा ही प्रदर्शन करें जैसा कि हमने 4 नवंबर को अमेरिकी चुनावों में देखा और महसूस किया। आपकी अंगुली पर लगने वाला स्याही का निशान न सिर्फ आपको गौरवान्वित ही करेगा, देश की प्रजातांत्रिक व्यवस्था में आपके यकीन को भी मजबूती प्रदान करेगा।

शुभकामनाओं के साथ
रमेशचंद्र अग्रवाल





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: