|
इंदौर. भगवान पाश्र्वनाथ की 1008 मूर्तियों पर 22 दिसंबर को 23 लाख अभिषेक किए जाएंगे। मालव मरतड आचार्य मुक्तिसागर सूरी महाराज के सान्निध्य में बुधवार को सुबह पंडाल के निर्माण का भूमिपूजन हुआ।
इस अवसर पर आचार्यश्री ने कहा पाश्र्व प्रभु की महिमा पूरे विश्व में फैली हुई है। उनका स्मरण करने मात्र से ही व्यक्ति के संकट दूर हो जाते हैं। पूरे संसार में जहां-जहां जैन मंदिर हैं वहां भगवान पाश्र्वनाथ की मूर्ति मिलेगी।
शुरुआत में समारोह के मुख्य अतिथि दैनिक भास्कर के उप प्रबंधक नरेन्द्र कानिटकर ने भगवान पाश्र्वनाथ के जयघोष के साथ कुदाली चलाकर भूमि पूजन किया। प्रकाश बड़नगर ने बताया इस समारोह के लिए करीब 72 हजार स्क्वेयर फीट के विशाल पंडाल का निर्माण किया जाएगा।
22 दिसंबर को होने वाले समारोह में भगवान पाश्र्वनाथ की 1008 मूर्तियों पर एक जोड़ा अभिषेक करेगा। इस मौके पर सांसद सुमित्रा महाजन, पूर्व मंत्री चंद्रप्रभाष शेखर, पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा,महासंघ अध्यक्ष प्रकाश बागानी, रमेशभाई जैन अहमदाबाद, शांता भामावत ने संबोधित किया।
अतिथियों का स्वागत प्रकाश भंडारी, प्रदीप भामावत ने किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद टंडन, भाजपा नगरअध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, मालिनी गौड़, सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए। महोत्सव समिति के उपाध्यक्ष नरेंद्र कोठारी ने बताया आचार्यश्री के प्रवचन 4 एवं 5 दिसंबर को सुबह 9 से 10 बजे तक तिलकनगर उपाश्रय में होंगे। संचालन सचिव राजेंद्र जैन ने किया। आभार प्रेम डूंगरवाल ने माना।