|
इंदौर. शहर युवक कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में पार्टी विरोधी कार्य करने के आरोप में अपने चार पदाधिकारियों को पद मुक्त कर दिया है जबकि पांच अन्य पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
युकां के शहर अध्यक्ष देवेंद्रसिंह यादव ने बताया विधानसभा चुनाव में भितरघात कर भाजपा को फायदा पहुंचाने वाले जिन चार पदाधिकारियों को पदमुक्त किया है उनमें युकां सचिव आनंद शर्मा, शहर संगठन सचिव विलास जैन, विधानसभा क्षेत्र-3 के उपाध्यक्ष शाकीर खान, विधानसभा क्षेत्र-5 के उपाध्यक्ष राजेंद्र बुंदेला शामिल हैं।
चुनाव में निष्क्रियता के चलते जिन पांच कार्यकर्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है उनमें युकां के शहर उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिसौदिया, संगठन सचिव लोकेश कदम, विधानसभा क्षेत्र-1 के महामंत्री दीपेंद्र राजपूत, विधानसभा क्षेत्र-2 के सचिव सचिन महेश्वरी एवं विधानसभा क्षेत्र-4 उपाध्यक्ष योगेश पाल शामिल है। पांचों पदाधिकारियों को जवाब देने के लिए आठ दिन का वक्त दिया गया है।