|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. उत्तर मध्य रेलवे जनवरी माह में लगने वाले ग्वालियर व्यापार मेले में इस बार प्रदर्शनी वृहद रूप में लगाएगा। प्रदर्शनी में रेलवे के सभी अधीनस्थ विभाग हिस्सा लेंगे।
प्रदर्शनी की रूपरेखा बनाने व तैयारियां शुरू कराने के लिए बुधवार को झांसी से आए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रवीण पाण्डेय व जनसम्पर्क अधिकारी ललित शर्मा ने स्थानीय अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। श्री शर्मा ने मेले में प्रदर्शनी स्थल का दौरा किया।
श्री पाण्डेय ने अधीनस्थ विभागों के अधिकारियों को प्रदर्शनी की तैयारी शुरू कर देने के निर्देश दिए। लम्बे समय से उपेक्षित पड़ी रेलवे की प्रदर्शनी का विस्तार करने का निर्णय उत्तर मध्य रेलवे प्रबंधन ने लिया है। इस बार उत्तर मध्य रेलवे के लोको इंजन, कैरिज एण्ड बैगन, सिग्नल एण्ड टेलीकॉम विभाग, इंजीनियरिंग विभाग, परिचालन आदि विभाग प्रदर्शनी में अपने माडल्स पेश करेंगे। ये सभी यह बताएंगे कि उनके विभाग किस तरह काम करते हैं।
अनारक्षित टिकट काउंटर संभव
उत्तर मध्य रेलवे मेला देखने बाहर से आने वाले सैलानियों की सुविधा के लिए मेले में अनारक्षित टिकट सिस्टम (यूटीएस) का काउंटर खोलने पर विचार कर रहा है। इससे सैलानियों को स्टेशन पर लाइन में नहीं लगना पड़ेगा।