|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. जिस तरह पल्स पोलियो व टेलीफोन बिल भरने संबंधी सूचनाएं लैण्ड लाइन फोन पर सुनाई देती है, उसी तरह चुनाव संबंधी सूचना हर टेलीफोन उपभोक्ता को देने की तैयारी बीएसएनएल कर रहा है। इस मामले में कलेक्टर आकाश त्रिपाठी की ओर से उप जिला निर्वाचन अधिकारी शरद श्रोत्रिय ने महाप्रबंधक को पत्र भी लिखा है।
एलएनआईपीई (मतगणना स्थल) के बाहर और अंदर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अधिकारी स्तर पर एक बार फिर बुधवार को बातचीत हुई। इसमें एक अधिकारी ने कहा कि जिस तरह आम जनता को पल्स पोलियो की दवा पिलाने संबंधी व टेलीफोन उपभोक्ता को बिल जारी होने संबंधी सूचना दी जाती है, उसी तरह चुनाव परिणाम संबंधी सूचना भी दी जा सकती है। शहर में बीएसएनएल उपभोक्ताओं की संख्या लगभग 50 हजार है।
कलेक्टर ने इस प्रस्ताव को जनहित में मानते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री श्रोत्रिय को निर्देश दिया कि वे आईवीआरएस (इंटीग्रेटेड वॉयस रिकॉर्डेड सिस्टम) पर बीएसएनएल अधिकारियों से बात करें। इसके बाद निर्वाचन कार्यालय में बीएसएनएल के इंजीनियरों से प्रारंभिक दौर की बात हुई और कलेक्टर की ओर से महाप्रबंधक बीएसएनएल को पत्र भी लिख दिया गया। इस मामले में कलेक्टर ने कहा कि आईवीआरएस के माध्यम से जिले के आम नागरिकों को घर बैठे ही चुनाव संबंधी सूचनाएं हर राउण्डवार मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि गुरुवार को वे इस मामले में बीएसएनएल के अधिकारियों से विस्तार से चर्चा कर इस मुद्दे पर निर्णय लेंगे।
टेस्टिंग शुरू पर दिक्कतें
पहली बार आईवीआरएस व्यवस्था लागू करने संबंधी पहल पर बुधवार को होमवर्क किया गया। बीएसएनएल के सूत्र बताते हैं कि पल्स पोलियो संबंधी सूचना व चुनाव संबंधी सूचना देने की व्यवस्था में अंतर है, क्योंकि चुनाव की जानकारी बार-बार बदलनी होगी। सूत्र बताते हैं कि आईवीआरएस में जानकारी फीड करने में लगभग आधा घंटा का समय लगेगा जबकि इतने समय में मतगणना का दूसरा राउण्ड पूरा हो जाएगा। बताया जाता है कि गुरुवार को इस मामले में और होमवर्क होगा और इसके बाद ही तय हो सकेगा कि यह नई व्यवस्था जनता को उपलब्ध हो सकेगी अथवा नहीं।
भितरवार का प्रेक्षक बदला
भारत निर्वाचन आयोग ने 18-भितरवार विधानसभा क्षेत्र में नियुक्त केंद्रीय प्रेक्षक मानस मेहरोत्रा को बदल दिया है। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार श्री मेहरोत्रा के स्थान पर अब भारतीय कस्टम सेवा की अधिकारी चारुल वर्णवाल को नियुक्त कर दिया है। वे 7 दिसंबर को ग्वालियर आएंगी। प्रेक्षक बदलने संबंधी आदेश की पुष्टि कलेक्टर आकाश त्रिपाठी ने कर दी है।