Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

बस्तर आईजी-डीआईजी से चुनाव आयोग खफा

रायपुर. फर्जी मतदान की जांच में सहयोग नहीं करने वाले बस्तर आईजी एएन उपाध्याय और डीआईजी लांग कुमेर से भारत चुनाव आयोग काफी खफा है। आयोग ने सीधे मुख्य सचिव पी. जाय उम्मेन को पत्र लिखकर अप्रसन्नता से अवगत करा दिया है। इसी मामले में आयोग ने बस्तर कलेक्टर एमएस परस्ते, एसपी प्रवीर दास और एडिशनल कलेक्टर देवराम मंडावी को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

बस्तर जिले के केशकाल विधानसभा क्षेत्र में 14 नवंबर को मतदान हुआ। इस दौरान तीन केंद्र भोगापाल, फरसगांव कसई और झाकड़ी में फर्जी मतदान की शिकायतें मिलीं। मतदान दल के सदस्य केंद्र तक पहुंचे नहीं और मतदान की रिपोर्ट आयोग को दे दी। शिकायत के आधार पर राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डा. आलोक शुक्ला ने जिला प्रशासन से रिपोर्ट मांगी। प्रशासन ने पुलिस वालों के बयान लेकर फर्जी मतदान के आरोपों को खारिज कर दिया और सही मतदान होने की रिपोर्ट दे दी।

पुलिस वालों ने बयान दिया कि मतदान केंद्रों के बाहर मतदान कराया गया है। इस बीच मीडिया ने वहां फर्जी मतदान होने के संबंध में तथ्यपरक रिपोर्ट पेश की। इस पर आयोग ने इस घटना की जांच के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डा. आलोक शुक्ला को वहां भेजा। डा. शुक्ला ने जांच के लिए जिला प्रशासन के साथ पुलिस वालों को भी सूचना दी। डा. शुक्ला 24 नवंबर को वहां जांच के लिए गए।

वहां जिला प्रशासन के अधिकारी तो मौजूद थे, लेकिन पुलिस वाले नहीं आए। डा. शुक्ला ने मोटरसाइकिल में बैठकर गांव-गांव घूमकर रिपोर्ट ली। फर्जी मतदान की शिकायतें सही निकलीं। उनकी जांच के दौरान पुलिस के आला अफसर खुद नहीं पहुंचे और न ही थानेदार या अन्य लोगों को भेजा।

जांच रिपोर्ट के आधार पर डा. शुक्ला ने आयोग को रिपोर्ट भिजवा दी। वस्तुस्थिति सामने आने के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने अफसरों की भूमिका पर जमकर नाराजगी जताई। इस आधार पर आईजी श्री उपाध्याय और डीआईजी लांगकुमेर के खिलाफ कड़ी टिप्पणी करते हुए राज्य शासन को पत्र लिखा। इस अप्रसन्नता से दोनों अफसरों को अवगत कराने कहा गया है। इसके अलावा कलेक्टर श्री परस्ते, एसपी श्री दास और एडीशनल कलेक्टर श्री मंडावी पर भी तथ्यों को छिपाने के मामले में विभागीय जांच का निर्णय लिया गया है। तीनों को कारण बताओ नोटिस देकर उनसे जवाब मांगा गया है। उनके जवाब के आधार पर जांच के बारे में आयोग अंतिम निर्णय लेगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: