Breaking News 
bhaskar Web English


HomeSportsCricket Cricket

इंग्लैंड का भारत दौरे का रास्ता साफ

लंदन. मुंबई में आतंकी हमले के बाद स्वदेश लौटने वाली इंग्लिश टीम को इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने भारत में दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए हरी झंडी दे दी है। इसके साथ ही इंग्लिश टीम गुरुवार को अबूधाबी के लिए रवाना हो गई, जहां अंग्रेज क्रिकेटर टेस्ट सीरीज से पहले जरूरी अभ्यास करेंगे।

सुरक्षा सलाहकारों और सरकारी एजेंसियों के साथ तीन दिनों तक चले सलाह-मशविरा के बाद ईसीबी ने तय किया कि इंग्लैंड की टीम अभ्यास के लिए अबूधाबी रवाना होगी, ताकि टीम का भारत दौरा जारी रखा जा सके। इंग्लैंड क्रिकेट के प्रबंध निदेशक ह्यूज मॉरिस ने खिलाड़ियों को दौरा जारी रहने की जानकारी देते हुए कहा सुरक्षा सलाहकार रेग डिकसन ने भारत में सुरक्षा के लिए जो भी सुझाव दिए हैं, उन्हें लागू किया जाएगा।

परफॉर्मेस दल के साथ करेगी अभ्यास : मॉरिस ने बताया कि इंग्लैंड की टीम अबूधाबी में इंग्लैंड परफॉर्म्ेस दल के नौ सदस्यों के साथ अभ्यास करेगी। अभ्यास के बाद इंग्लिश टीम अगले सप्ताह भारत के लिए रवाना होगी, जहां वह चेन्नई और मोहाली में टेस्ट मैच खेलेगी।

उधर, जिस समय इंग्लिश टीम अबूधाबी में अभ्यास कर रही होगी, उस समय मॉरिस सुरक्षा सलाहकार डिकसन के साथ भारत में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखेंगे। इसके बाद वे मैचस्थल की बढ़ी हुई सुरक्षा व्यवस्था की रिपोर्ट ईसीबी व खिलाड़ियों को देंगे।

साइडबाटम नहीं आएंगे : मॉरिस ने कहा कि रेयान साइडबाटम को छोड़कर इंग्लैंड टीम के सभी प्रमुख खिलाड़ी भारत आएंगे। साइडबाटम का नाम इंग्लैंड की 15 सदस्यीय टीम में शामिल था, लेकिन चोट के चलते उन्हें दौरे से बाहर होना पड़ा है।

अन्य खिलाड़ियों के संबंध में मॉरिस ने कहा कि इंग्लैंड के सभी प्रमुख खिलाड़ी भारत जाएंगे। गौरतलब है कि मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि एंड्रयू फ्लिंटॉफ, स्टीव हार्मिसन, ग्रीम स्वान और जेम्स एंडरसन भारत जाने के इच्छुक नहीं हैं। इस संबंध में मॉरिस ने कहा कि जो खिलाड़ी अबूधाबी रवाना गए हैं, उन सभी के भारत जाने की संभावना है। लेकिन यदि कोई खिलाड़ी वहां नहीं जाना चाहता तो उसे बाध्य नहीं किया जाएगा।

प्रोफेशनल क्रिकेटर्स एसोसिएशन ने भी अपने बयान में दावा किया है कि ईसीबी के निर्णय को सभी खिलाड़ियों का समर्थन प्राप्त है। उधर, ईसीबी ने अपने बयान में कहा है कि खिलाड़ियों को ईसीबी सुरक्षा दल और सुरक्षा सलाहकार रेग डिकसन के सुझावों से अवगत करा दिया गया है।

इंग्लैंड की टीम इस प्रकार है : केविन पीटरसन (कप्तान), टिम एंब्रोस, जेम्स एंडरसन, इयान बेल, स्टुअर्ट ब्रॉड, पॉल कॉलिंगवुड, एलेस्टर कुक, एंड्रयू फ्लिंटॉफ, स्टीव हार्मिसन, मोंटी पनेसर, मैथ्यू प्रायर, ओवेस शाह, एंड्रयू स्ट्रॉस, ग्रीम स्वान, परफॉर्म्ेस दल : रविंदर बोपारा, मार्क डेविस, रॉबर्ट जोसेफ, अमजद खान, साजिद महमूद, समित पटेल, लियाम प्लंकेट, ओलिवर रेनर, एलन रिचर्डसन।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: