|
नई दिल्ली खुफिया एजेंसियों की रिपोर्टो में आशंका जताई गई है कि बाबरी विध्वंस की बरसी के पहले इस सप्ताहांत पाकिस्तानी या अफगान मूल के आतंकी अपहृत विमान के जरिए हमला कर सकते हैं।
इन रिपोर्टे को देखते हुए दिल्ली, बेंगलूर, चेन्नई, अमृतसर आदि हवाई अड्डों की सुरक्षा के प्रबंध और सख्त किए गए हैं। इस बीच, भारतीय वायुसेना ने कहा है कि वह 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए आतंकी हमले जैसी वारदात का मुकाबला करने को तैयार है।
दूसरी ओर नागरिक उड्डयन सचिव एम माधवन नायर ने भी कहा है कि आतंकी हमले की धमकी के मद्देनजर तमाम जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इनका मकसद यात्रियों और हवाई अड्डों की सुरक्षा कराना है। खुफिया रिपोर्टे को देखते हुए दिल्ली हवाई अड्डे के बाहर व अंदर सीआईएसएफ व पुलिस के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई है। चेन्नई हवाई अड्डे के पास 300 से अधिक सशस्त्र गार्डो को तैनात किया गया है।
साथ ही, अतिरिक्त मैटल डिटेक्टर लगाकर हवाई अड्डा कर्मियों व अन्य लोगों की जांच की जा रही है। उधर, वायु सेनाध्यक्ष फली होमी मेजर ने वीरवार को कहा कि वायुसेना न्यूयॉर्क के वल्र्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले जैसे आतंकी हवाई हमले को नाकाम बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। नौसेना दिवस के मौके पर वीरवार को इंडिया गेट स्थित अमर जवान ज्योति पर पुष्प चक्र अर्पित करने के बाद उन्होंने कहा, ‘आतंकी हवाई हमले की रिपोर्ट चेतावनी पर आधारित है और हमेशा की तरह हम तैयार हैं।’
रेड अलर्ट:
अमृतसर में अंतरराष्ट्रीय राजासांसी हवाई अड्डे पर रेड अलर्ट जारी किया गया है। सीआईएसएफ के कमांडेंट तरसेम कुमार ने बताया कि यहां सुरक्षा कर्मियों को फाइव लेयर सिस्टम में तैनात किया गया है।
सुरक्षा चाक-चौबंद:
उत्तरप्रदेश गृह विभाग के मुताबिक, प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, इलाहाबाद, गोरखपुर, वाराणसी तथा आगरा के हवाई अड्डों की सुरक्षा कड़ी की गई है।
त्रिस्तरीय सुरक्षा:
कोयंबतूर के हवाई अड्डे पर भी बम विस्फोट की धमकी मिलने के बाद वहां त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था कायम की गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हवाई अड्डे के वेटिंग हॉल में रखी एक प्लास्टिक ट्रे में चाक से यह धमकी लिखी मिली। जांच के बाद यह धमकी अफवाह साबित हुई।
ग्रेनेड मिला :
मुंबई में कामा हॉस्पिटल के पास जंक बॉक्स में एक ग्रेनेड मिला। इसे बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया। पुलिस के मुताबिक, एक मरीज ने इस ग्रेनेड के बारे में सूचना दी थी।
रेलवे स्टेशनों पर आरएएफ: सिलीगुड़ी से मिली रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी, न्यू कूच बिहार, न्यू अलीपुरदुआर, जलपाईगुड़ी रोड और माल्दा रेलवे स्टेशनों पर रैपिड एक्शन फोर्स के जवान तैनात किए गए। रेलवे पुलिस के एसपी संजीव बसु ने यह जानकारी दी।
तीस हजारी कोर्ट में आतंकी हमले की धमकी:
गुरुवार की सुबह आए एक फोन कॉल में कहा गया था कि आतंकी नई दिल्ली स्थित तीस हजारी कोर्ट परिसर में गोलीबारी करेंगे। वहां बम होने की भी सूचना मिली थी। जांच में वहां न तो कोई बम मिला और न ही कोई आतंकी।