|
News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़ पीजीआई की तर्ज पर अब जनरल हॉस्पिटल-16 में भी मरीजों को दवाओं पर भारी डिस्काउंट मिलेगा। इसमें जेनरिक दवाओं के साथ ही ब्रांडेड एवं सर्जिकल उपकरण भी शामिल होंगे। यह फैसला वीरवार को स्वास्थ्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया। इस आदेश को स्वास्थ्य निदेशक ने तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया।
अब जनरल हॉस्पिटल की केमिस्ट शॉप में जेनरिक दवाओं पर 35 फीसदी और ब्रांडेड दवाओं, सर्जिकल उपकरणों पर 10 फीसदी डिस्काउंट दिया जाएगा। शहर में दवाओं को लेकर मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मरीजों की इस परेशानी को भास्कर ने कई बार उजागर किया। उसके बाद ही स्वास्थ्य सचिव रामनिवास ने सरकारी अस्पतालों में दवाओं में डिस्काउंट की बात कही थी, जिस पर वीरवार को फैसला लिया गया।
शहर में मरीजों से कोई दुकानदार जिस दवा के ज्यादा रुपए वसूलता था, उसी दवा के लिए अन्य दुकानदार कम रुपए लेता था। इस अनियमितता को रोकने के लिए प्रशासन ने जीएमएसएच-16 की केमिस्ट शॉप को चुना। राम निवास ने बताया कि स्वास्थ्य निदेशक डॉ. मंजीत सिंह बैंस ने आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करवा दिया है। इसके अलावा किडनी के मरीजों के डायलिसिस के लिए कई प्राइवेट डायलसिस सेंटरों को सरकारी अस्पतालों के पैनल में शामिल किया जाएगा, जो सरकारी रेट पर डायलसिस करेंगे।
इसके अलावा बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में स्वास्थ्य निदेशक के अलावा जीएमसीएच के डायरेक्टर प्रिंसिपल प्रो. राजबहादुर एवं दोनों हॉस्पिटल्स के चिकित्सा अधीक्षक शामिल थे।