Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsHaryanaPanipat Panipat

बलि के लिए बच्ची को चुराया

करनाल/रोहतक. करनाल के महावीर दल अस्पताल से एक महिला ने तीन दिन की एक बच्ची को चुरा लिया। पांच घंटे बाद रोहतक बस अड्डे पर उक्त महिला पुलिस के हत्थे चढ़ गई। पुलिस के मुताबिक बलि देने के लिए महिला ने बच्ची को चुराया था। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है।

गांव मंगलपुर के सूरजपाल की पत्नी दीपा ने इस अस्पताल में तीन दिन पहले एक बच्ची को जन्म दिया था। गुरुवार सुबह बच्ची की दादी रामकली से एक नर्स वजन कराने के लिए बच्ची को ले गई।

इसी दौरान एक महिला ने जब उस नर्स पर शक जताया तो बच्ची के परिजनों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक महिला बच्ची को लेकर चंपत हो चुकी थी। पुलिस ने सूचना मिलते ही छानबीन शुरू कर दी। इसी दौरान पता चला कि वसंत विहार कॉलोनीवासी मोहन बुद्धिराजा की पत्नी अन्नू दो दिन से घर से लापता है। तभी कर्मचारी ने बताया कि उक्त महिला दो दिन से अस्पताल में घूम रही है। पुलिस ने तुरंत मोहन को पकड़कर फोन पर उसकी अन्नू से बात कराई।

इसी दौरान रोहतक पुलिस ने उक्त महिला को बच्चे सहित गिरफ्तार करने की सूचना दी। करनाल पुलिस तुरंत रोहतक पहुंची और शाम करीब चार बच्चे बच्चे को परिजनों के हवाले कर दिया।

तांत्रिक के कहने पर किया अपहरण :

पुलिस की मानें तो बलि देने के लिए बच्ची का अपहरण किया गया था। पुलिस के मुताबिक अन्नू का ढाई माह का बेटा अक्सर बीमार रहता है। उसे किसी तांत्रिक ने सलाह दी थी कि यदि वह किसी बच्चे की बलि दे तो उसका बेटा ठीक हो जाएगा। इसके लिए उसने पहले बैड़शाल निवासी कमलजीत कौर के बच्चे को निशाना बनाया। बच्चे को लेकर जब वह बाहर निकली तो परिजनों ने उससे बच्च ले लिया और अच्छी खासी डांस पिलाई। इसके बाद अन्नू ने इस बच्चे को निशाना बनाया।

बच्चे के मोह में की चोरी :

उधर, रोहतक में गिरफ्तारी के बाद अन्नू ने पुलिस को बताया कि उसका दो महीने का बेटा है, जो अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों के अनुसार उसके बचने की संभावना कम है। इसीलिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया। वह इस बच्ची के साथ शिरडी जा रही थी और उसका वहीं बसने का इरादा था।

मोबाइल से मिली सफलता

एसएसपी एएस चावला के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सिटी सुरेंद्र पाल सिंह ने पुलिस टीमें गठित कर दी। इस टीम ने बिजली कॉलोनी के एक मकान में छापा मारकर अन्नू की बहन से महत्वपूर्ण सुराग हासिल किए। अन्नू ने यहीं अपने बेटे को छोड़ा था। इसके बाद जब उसके पति मोहन बुद्धिराजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पता चला कि अन्नू रोहतक में हैं। मोबाइल ट्रेस करने पर पता चला कि वह रोहतक बस अड्डे पर पहुंच चुकी है और इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जब भी कोई व्यक्ति, चाहे वह पढ़ा-लिखा हो या अनपढ़ गहरे तनाव में होता है तो उसकी ग्रहणशीलता बढ़ जाती है और वह इस प्रकार के कृत्यों में लिप्त हो जाता है।

डॉ. सीआर डोलिया, प्रोफेसर, मनोविज्ञान विभाग, केयू।

हिंदू धर्म शास्त्र या अन्य किसी भी शास्त्र में इस बात का उल्लेख नहीं है कि बलि देने से किसी की गोद हरी होगी या किसी का रोग ठीक होगा। कुछ ढोंगी समाज को गुमराह कर रहे हैं।

पं.लालमणि पांडेय, प्रसिद्ध ज्योतिषी, पानीपत





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: