|
News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़ मुंबई में आतंकी हमले से सबक लेते हुए पंजाब पुलिस ने आतंकी गतिविधियों से निपटने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत डिपार्टमेंट ने रेंज स्तर पर स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) गठित करने का फैसला किया है। इस बारे में सभी आईजी और डीआईजी को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
प्रदेश की जिन छह रेंज में एसटीएफ बनाई जाएगी उनमें जालंधर, लुधियाना, पटियाला, फरीदकोट, फिरोजपुर और बार्डर रेंज शामिल है। एसटीएफ में शामिल होने वाले पुलिस अफसरों और कर्मचारियों को फिल्लौर स्थित पंजाब पुलिस अकादमी में खास ट्रेनिंग दी जाएगी। उन्हें आतंकी घटनाओं और आतंकवादियों से निपटने के आधुनिक तौर-तरीकों से भी अवगत करवाया जाएगा। साथ ही विशेष कवज वाली वर्दी और एके-47 व एके-56 जैसे हथियार दिए जाएंगे।
डिपार्टमेंट के निर्देशों के बाद आजकल जालंधर और लुधियाना रेंज में जवानों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। सभी एसटीएफ संबंधित रेंज के डीआईजी के अधीन काम करेंगी। इनका काम अपने एरिया में आतंकी गतिविधियों पर नजर रखना और उनसे निपटना होगा। इसके लिए उन्हें किसी से आदेश लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
बड़े ऑपरेशन एक साथ: अगर राज्य में आतंकियों के खिलाफ कभी बड़े स्तर पर ऑपरेशन की जरूरत महसूस की गई तो सभी रेंज की एसटीएफ इसे मिलकर अंजाम देंगी। उन्हें इंटेलिजेंस विंग का भी पूरा सहयोग मिलेगा।
सम्मेलनों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
चंडीगढ़. पुलिस विभाग ने जिला अफसरों को उन सम्मेलनों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं, जिनमें अतिविशिष्ट लोग पहुंचते हैं। इसके अलावा सत्तारूढ़ पार्टी और विपक्षी दलों के सम्मेलनों की सुरक्षा भी जिले का एसपी या डीएसपी खुद देखेंगे। यह निर्देश लोकसभा चुनाव के मद्देनजर दिए गए हैं।
होशियारपुर में फ्लैग मार्च
होशियारपुर. मुंबई में आतंकी हमलों के बाद बुधवार देर रात होशियारपुर में पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस दस्ते का नेतृत्व खुद होशियारपुर के एसएसपी डॉ. सुखचैन सिंह गिल कर रहे थे। गौरतलब है कि डीजीपी एनपीएस औलख ने सभी जिलों के पुलिस प्रमुखों को अपने एरिया में जरूरी ऐहतियात बरतने के निर्देश दे रखे हैं।